रिपोर्टर: ईशू प्रसाद
Bengaluru : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के 7 सदस्यों की बेदर्दी से हत्या कर दी। आरोपी ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सभी शवों को चिकबलपुर जिले के मशहूर पर्यटन स्थल नंदी हिल्स की अलग-अलग पहाड़ियों में ठिकाने लगा दिया। दो दिनों के भीतर अंजाम दी गई इस बहुचर्चित घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पत्नी के मायके से लगाव और वैवाहिक कलह बनी हत्या की वजह
Bengaluru पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात निकलकर सामने आई है कि आरोपी इंदू शेखर की शादी लगभग 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। आरोपी अपनी पत्नी के मायके वालों से अत्यधिक लगाव और पारिवारिक मामलों में उनके लगातार दखल देने से काफी समय से नाराज चल रहा था। पत्नी का बार-बार मायके जाना और हर विवाद में भाइयों व मां का समर्थन मिलना उनके बीच अक्सर झगड़े का कारण बनता था। इसी गुस्से और रंजिश के चलते उसने पूरे ससुराल पक्ष का खात्मा करने की खौफनाक साजिश रच डाली।
योजनाबद्ध तरीके से पार्टी में बुलाया और एक-एक कर उतारा मौत के घाट
Bengaluru आरोपी ने राजाजीनगर के भाष्यम सर्किल स्थित अपने आवास पर वारदात को बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया। उसने सबसे पहले अपनी पत्नी पर सिलबट्टे से वार कर उसकी हत्या की और शव को ले जाकर ठिकाने लगाया। इसके अगले दिन उसने धोखे से सास, दोनों सालों, उनकी पत्नियों और 7 वर्षीय मासूम भतीजे को घर पर पार्टी के बहाने आमंत्रित किया। यहाँ उसने सालों को भारी मात्रा में शराब पिलाई और फिर पत्थर व भारी औजारों से कुचलकर सभी की हत्या कर दी। इसके बाद अपनी ही कार से शवों को नंदी हिल्स ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
गुमशुदगी की शिकायत से खुला राज, आरोपी की बेटी पर भी संदेह
Bengaluru इस पूरे जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ जब आरोपी के ससुराल की रिश्तेदारों ने परिजनों के अचानक गायब होने पर 3 नवंबर को श्रीरामपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही जब पुलिस ने संदेह के आधार पर इंदू शेखर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस फिलहाल नंदी हिल्स से शवों को बरामद करने की प्रक्रिया में जुटी है, वहीं इस हत्याकांड में आरोपी की बेटी की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
ये भी पढे: हजीरा में पूर्व सैनिक ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी, इलाके में फैली सनसनी

