SagarSagar
Spread the love

रिपोर्टर: संजय राठौर

Sagar : मध्य प्रदेश के सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला मामला सामने आया है। यहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (CM Helpline) में दर्ज एक शिकायत को जबरन बंद कराने के लिए पुलिस पर एक युवती के साथ कथित रूप से दबाव बनाने और बदसलूकी करने का आरोप लगा है। पीड़िता का दावा है कि गोपालगंज थाने में पदस्थ एक महिला आरक्षक ने उसके घर में घुसकर मारपीट की और उसे थप्पड़ जड़ा। यह पूरी घटना पीड़िता के घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद मामला गरमा गया है।

पुराना विवाद और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने की वजह

Sagar पीड़िता खुशबू रजक के अनुसार, 21 अक्टूबर को दीपक नाम के एक स्थानीय युवक ने उसके साथ गाली-गलौज की थी। इस संबंध में उसने तुरंत स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा आरोपियों पर कोई उचित कदम न उठाए जाने पर निराश होकर उसने सीएम हेल्पलाइन का सहारा लिया। सीएम हेल्पलाइन में मामला दर्ज होते ही गोपालगंज थाना पुलिस हरकत में आई, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़िता पर ही केस वापस लेने और शिकायत बंद कराने का दबाव बनाया जाने लगा।

मोबाइल छीनने का प्रयास और थप्पड़ मारने की घटना सीसीटीवी में कैद

Sagar पीड़िता ने आरोप लगाया कि दबाव बनाने के इसी क्रम में गोपालगंज थाने की महिला आरक्षक जबरन उसके घर पहुंची। आरक्षक ने युवती का मोबाइल फोन छीनकर खुद ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायत को ऑनलाइन बंद करने की कोशिश की। जब युवती ने विरोध जताते हुए अपना मोबाइल वापस खींच लिया, तो नाराज महिला आरक्षक ने आपा खो दिया और परिवार के सामने ही युवती से हाथापाई करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। यह पूरी शर्मनाक हरकत घर के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में साफ दिखाई दे रही है।

एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता, सीसीटीवी फुटेज सौंपकर न्याय की गुहार

Sagar घटना के तुरंत बाद पीड़िता अपने पिता के साथ पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंची और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने अधिकारियों को घटना का वीडियो फुटेज भी साक्ष्य के तौर पर सौंपा है और दोषी महिला आरक्षक के खिलाफ सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है, और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: मध्य प्रदेश: आबकारी विभाग में दागदार अफसरों की फेहरिस्त लंबी, रायचुरा-दुबे-खरे के बाद महिला अधिकारी रीनी, मंदाकिनी के नाम भी