Hathras House Fire Tragedy:उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां देर रात एक मकान में आग लगने से सो रहे बुजुर्ग पति-पत्नी की जलकर मौत हो गई। घटना के वक्त दोनों घर में अकेले थे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
सादाबाद कस्बे की घटना
Hathras House Fire Tragedy:यह दुखद घटना हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे के कहारान मोहल्ले में घटी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय शहजाद बेग और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेग के रूप में हुई है।
पड़ोसियों और दमकल की कोशिशें
Hathras House Fire Tragedy:आधी रात को घर से आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों ने तुरंत शहजाद के भाई कासिम बेग को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब लोग अंदर गए, तो दंपति के शव बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मिले।
SDRF और पुलिस की कार्रवाई
Hathras House Fire Tragedy:हादसे की सूचना मिलते ही पड़ोसी जिले मथुरा के वृंदावन से राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की 10 सदस्यीय टीम भी राहत कार्य के लिए पहुंच गई थी। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही आग बुझाई जा चुकी थी। सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, क्षेत्राधिकारी (CO) योगेंद्र कृष्ण नारायण का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
नोएडा की दुकानों में भी हुआ था ऐसा हादसा
Hathras House Fire Tragedy:इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-126 में भी हाल ही में एक बड़ा अग्निकांड सामने आया था, जहां 24 अक्टूबर को छह दुकानों में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। दमकल विभाग की जांच में उन दुकानों से बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए थे, जिसके बाद पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।

