Fatehpur old well accident:उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ खखरेरू कस्बे के सरायनी नगर मोहल्ले में कबूतर पकड़ने की कोशिश कर रहा एक 10 साल का बच्चा लगभग 200 फीट गहरे पुराने कुएं में गिर गया। प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा करीब 13 घंटे तक चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे का शव कुएं से बाहर निकाला जा सका। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
कबूतर पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
Fatehpur old well accident:मिली जानकारी के अनुसार, सरायनी नगर मोहल्ले के रहने वाले मजदूर साबिर अली का 10 वर्षीय बेटा रेहान रविवार दोपहर को कबूतर पकड़ने के प्रयास में पास ही स्थित एक प्राचीन कुएं में जा गिरा। जैसे ही बच्चे के कुएं में गिरने की खबर फैली, पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, स्थानीय थाना और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुँची और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
6 घंटे चला पानी निकालने का अभियान, जेसीबी का भी हुआ इस्तेमाल
Fatehpur old well accident:कुएं में अत्यधिक जलस्तर होने के कारण शुरुआती दौर में गोताखोरों को रेस्क्यू करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए जेसीबी मशीन और बड़े पाइपों की मदद से कुएं से पानी बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। लगातार 6 घंटे तक पानी निकालने के बाद जब जलस्तर कुछ कम हुआ, तो गोताखोरों (निषाद, सोहेल और आमिर) ने कुएं के अंदर उतरकर तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद रेहान का शव पानी के अंदर एक बांस की लकड़ी में फंसा हुआ मिला, जिसे रस्सी के सहारे सुरक्षित ऊपर खींचा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मां का रो-रोकर बुरा हाल
Fatehpur old well accident:रेहान के सुरक्षित लौटने की उम्मीद में उसकी मां मदीना और छोटी बहन नाज परवीन पूरी रात कुएं की मुंडेर पर बैठकर चमत्कार का इंतजार करती रहीं। लेकिन जैसे ही रेहान का शव बाहर आया, परिवार में कोहराम मच गया और मां-बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक रेहान अपने भाइयों में सबसे छोटा था और कस्बे के ही एक स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था। उसके पिता साबिर अली मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मासूम की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
करीब 200 साल पुराना है यह कुआं
Fatehpur old well accident:स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, जिस कुएं में यह हादसा हुआ वह लगभग 200 साल पुराना है और पिछले करीब 35 सालों से पूरी तरह बंद या अप्रयुक्त स्थिति में था। बस्ती से कुछ दूरी पर स्थित इस पुराने और खुले पड़े कुएं को लेकर अब स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानेंद्र गौतम ने भी कुएं के लंबे समय से उपयोग में न होने की बात कही है।
read this:-car trailer accident: एनएच-28 पर कार और ट्रेलर की टक्कर में एक ही परिवार के 5 समेत 6 लोगों की मौत

