रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शेखपुरा जिले में पुलिस अधीक्षक हिमांशु के दिशा-निर्देशों के तहत यातायात पुलिस ने सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर एक कड़ा अभियान चलाया। यातायात थानाध्यक्ष सदाशिव कुमार साहा की अगुवाई में शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों जैसे दल्लू मोड़, कॉलेज मोड़ तथा तीन मुहान पर सघन वाहन चेकिंग की गई।
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट चालकों पर शिकंजा
Sheikhpura इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों की बारीकी से जांच की। बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करने वाले चालकों की विशेष रूप से पहचान की गई और नियमों का उल्लंघन करने पर उन पर नियमानुसार कड़े जुर्माने व दंडात्मक कार्रवाई की गई।
सड़क हादसों में आई कमी और जुर्माने के आंकड़े
Sheikhpura यातायात थानाध्यक्ष सदाशिव कुमार साहा ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि जनवरी से अक्टूबर महीने तक यातायात पुलिस द्वारा शमन शुल्क के रूप में लगभग 1 करोड़ 66 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा में सुधार के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं; पिछले साल जुलाई से दिसंबर के बीच 54 सड़क हादसों में करीब 60 मौतें दर्ज हुई थीं, जबकि इस साल जनवरी से अक्टूबर के दौरान हादसों में कमी आई है और मौतों का आंकड़ा घटकर 42 रह गया है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
Sheikhpura यातायात नियमों का बेहतरीन क्रियान्वयन कराने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों और गृह रक्षा बल के जवानों को एसपी हिमांशु ने सम्मानित किया। उन्होंने यातायात थाना पहुंचकर सभी उत्कृष्ट कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, तेज गति और खतरनाक ओवरटेकिंग से बचें तथा वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें।
ये भी पढ़े: कूनो में चीता शावक की हत्या पर बड़ा एक्शन, 3 वनकर्मी सस्पेंड; STF ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया

