रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का भूमिगत निर्माण कार्य बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भोपाल रेलवे स्टेशन से ऐशबाग की तरफ बनाई जा रही अंडरग्राउंड टनल का लगभग 400 मीटर हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है। अब केवल 100 मीटर की खुदाई और रिंग लगाने का काम बाकी रह गया है। हालांकि इस चरण को पूरा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर तय की गई है, लेकिन मेट्रो कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को उम्मीद है कि टनल का यह हिस्सा तय समय-सीमा से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा।
30 नवंबर की समय-सीमा से पहले काम पूरा होने का दावा
Bhopal प्रोजेक्ट की रफ्तार बढ़ाने के लिए अगस्त माह में दूसरी टनल बोरिंग मशीन (TBM) उतारी गई थी, जिसके बाद से काम में काफी तेजी आई है। दोनों टीबीएम मशीनें जमीन से लगभग 60 फीट नीचे लगातार खुदाई कर रही हैं। अब तक पहली टीबीएम ने लगभग 260 मीटर और दूसरी टीबीएम ने 140 मीटर सुरंग तैयार कर ली है। खुदाई के साथ-साथ सुरंग को मजबूती देने के लिए भीतर प्रीकास्ट आरसीसी (RCC) रिंग भी स्थापित की जा रही हैं, जिससे टनल की ढांचागत सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
करोंद से एम्स रूट पर 3.39 किलोमीटर का होगा भूमिगत दायरा
Bhopal वर्तमान में भोपाल में एम्स से सुभाष नगर रूट पर मेट्रो का संचालन हो रहा है। वहीं, सुभाष नगर से बोगदापुल होते हुए करोंद तक के दूसरे रूट पर काम जारी है। करोंद से एम्स ‘ऑरेंज लाइन’ पर कुल 3.39 किलोमीटर का दायरा अंडरग्राउंड रहेगा। इस भूमिगत मार्ग में दो प्रमुख मेट्रो स्टेशन—पहला भोपाल रेलवे स्टेशन और दूसरा नादरा बस स्टैंड—बनाए जाएंगे। यह मेट्रो टनल ऐशबाग क्रॉसिंग से अंडरग्राउंड होकर सिंधी कॉलोनी के पास बाहर निकलेगी।
एमपीएमआरसीएल ने मनाया ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’
Bhopal मेट्रो निर्माण के साथ-साथ मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के भोपाल और इंदौर कार्यालयों में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। मेट्रो के प्रबंध निदेशक (MD) एस. कृष्ण चैतन्य ने कहा कि किसी भी संस्था के लिए पारदर्शिता और ईमानदारी ही सफलता की नींव होती है। भोपाल में मुख्य सतर्कता अधिकारी राजेश सोनी और इंदौर में प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप गेमावत की मौजूदगी में कर्मचारियों को निष्पक्षता और सुशासन अपनाने की शपथ दिलाई गई।

