Motihari Scorpio AccidentMotihari Scorpio Accident
Spread the love

Motihari Scorpio Accident:बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के अंतर्गत अरेराज मार्ग पर गायघाट के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो मक्का लदे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण दुर्घटना में गाड़ी में सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

फिल्म देखने जा रहे दोस्तों की गाड़ी का हुआ एक्सीडेंट

Motihari Scorpio Accident:जानकारी के मुताबिक, पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित सेवराहा गांव से चार युवक एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर मोतिहारी के सिनेमा हॉल में फिल्म देखने के लिए निकले थे। जब वे रास्ते में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट चौक स्थित धर्मकांटा के पास पहुंचे, तो सड़क किनारे खड़े मक्का लदे एक ट्रैक्टर से उनकी स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी।

दो युवकों की मौके पर मौत, दो अस्पताल में भर्ती

Motihari Scorpio Accident:घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाने की ‘डायल 112’ पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मनु कुमार सिंह और शुभम कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार सिंह को मोतिहारी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है, जबकि चौथे घायल युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

परिजनों में कोहराम, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

Motihari Scorpio Accident:इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के बेटे मनु कुमार सिंह और सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक मनु कुमार सिंह की शादी तय हो चुकी थी और जल्द ही उनके घर में शहनाई बजने वाली थी, लेकिन इस अनहोनी ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। जवान बेटों की अचानक हुई मौत से दोनों परिवारों और पूरे गांव में गहरा शोक पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

read this:-Kharge Empty Chairs Patna Event: पीएम मोदी के पिता पर विवादित टिप्पणी के दौरान पंडाल में पसरा था सन्नाटा