Sikkim LandslideSikkim Landslide
Spread the love

Sikkim Landslide:सिक्किम से एक बड़ी और डरावनी खबर सामने आई है। गुरुवार रात भारी बारिश के बाद राज्य में भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ है, जिससे पश्चिम सिक्किम के रिंबी गांव में भारी तबाही मची है। पहाड़ी से तेजी से नीचे आए मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से कई घर तबाह हो गए हैं और इलाके को भारी नुकसान पहुंचा है।

रिंबी गांव में हुआ भूस्खलन, गनीमत रही कि नहीं हुआ जानी नुकसान

Sikkim Landslide:जानकारी के मुताबिक, यह लैंडस्लाइड पश्चिम सिक्किम के युक्सोम-ताशिदिंग क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिंबी गांव में हुई। गुरुवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया और मिट्टी, चट्टानें तथा कीचड़ तेजी से गांव की तरफ बहने लगे। इस भयानक घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मलबे को बहते हुए साफ देखा जा सकता है। राहत की बात यह है कि इस घटना में अभी तक किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण आसपास के अन्य घरों और संपत्तियों पर खतरा मंडरा रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पहले भी क्षतिग्रस्त हुई थीं सड़कें, सरकार ने दिए मरम्मत के निर्देश

Sikkim Landslide:गौरतलब है कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में लैंडस्लाइड के कारण रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया था। मानसून के दौरान खराब हुई सड़कों की स्थिति को देखते हुए सिक्किम सरकार ने राज्यव्यापी जांच शुरू की है। सड़क और पुल मंत्री एनबी दहाल ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा जोखिमों का जायजा लिया है। सरकार ने नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) और संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने और जल्द से जल्द सड़क संपर्क बहाल करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

read this:-25 सितंबर 2026, अनंत चतुर्दशी पर सिंह-कन्या को लाभ, तुला-मिथुन रहें सतर्क