रिपोर्टर: गनेश सिंह
Delhi : राजधानी दिल्ली के बाहरी जिले के स्वरूप नगर इलाके से एक दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गुत्थी सुलझा ली है और तीन नाबालिगों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, आरोपियों के खून से सने कपड़े और एक टेंपो भी बरामद कर लिया है।
50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच से मिला सुराग
Delhi 13 सितंबर की सुबह कुशक रोड पर स्थित एक खुले मैदान में किशोरी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था, जिसे जानवरों ने बुरी तरह नुकसान पहुंचाया था। शुरुआती चरण में पुलिस मृतका की पहचान नहीं कर सकी थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के नेतृत्व में जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध टेंपो की हलचल दिखाई दी। रोशनी कम होने के कारण नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी, लेकिन कैमरों के रूट को जोड़ते हुए पुलिस 15 सितंबर की रात खड्डा कॉलोनी में खड़े टेंपो तक पहुंच गई।
शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम, पहचान छिपाने के लिए की हत्या
Delhi टेंपो चालक से कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद वारदात की पूरी परतें खुल गईं। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी किशोरी का परिचित था। घटना वाली रात उसने अपने साथियों के साथ शराब का सेवन किया और फिर किशोरी को झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद जब किशोरी ने शिकायत दर्ज कराने की बात कही, तो आरोपियों को पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसी खौफ में आकर उन्होंने चाकू से हमला कर किशोरी की हत्या कर दी।
फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की अग्रिम कार्रवाई
Delhi पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। जांच प्रक्रिया के दौरान अंततः मृतका की सही पहचान 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में स्थापित हुई। गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपी और तीनों विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

