BhopalBhopal
Spread the love

रिपोर्टर: अरविन्‍द सिंह

Bhopal : जिले के जनपद पंचायत फंदा अंतर्गत ग्राम कुराना में एक अनुकरणीय पहल देखने को मिली है। जन विश्वास शिविर के दौरान एक नन्हीं छात्रा द्वारा रखी गई मांग को संवेदनशीलता से लेते हुए जिला प्रशासन ने गांव में एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी की स्थापना कर दी है। इस डिजिटल व पुस्तक बैंक की सुविधा से अब गांव के छोटे बच्चों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे स्थानीय युवाओं को भी अपने ही गांव में अध्ययन का एक बेहतर माहौल मिल सकेगा।

घर में जगह की कमी बनी प्रेरणा, खुशबू ने शिविर में लगाई थी गुहार

Bhopal ग्राम मुंगालिया हाट में आयोजित जन विश्वास शिविर में कुराना निवासी छात्रा खुशबू अहिरवार ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। खुशबू का कहना था कि उसके घर में पढ़ाई के लिए पर्याप्त जगह नहीं है और गांव में भी कोई ऐसी शांत जगह या वाचनालय उपलब्ध नहीं है, जहां बैठकर विद्यार्थी एकाग्रता से पढ़ाई कर सकें। इस वजह से गांव के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

कलेक्टर के त्वरित निर्देश और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन

Bhopal छात्रा की जायज मांग को सुनकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से कुराना में लाइब्रेरी शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला पंचायत और जनपद पंचायत की टीम ने तेजी से काम करते हुए लाइब्रेरी तैयार की। उद्घाटन समारोह में विधायक विष्णु खत्री, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में खुद छात्रा खुशबू अहिरवार ने फीता काटकर लाइब्रेरी का शुभारंभ किया।

प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों से सजी लाइब्रेरी, प्रशासन ने की पुस्तक दान की अपील

Bhopal इस नई लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान, साहित्य के साथ-साथ अरिहंत पब्लिकेशन के सहयोग से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उप-संभागीय अधिकारी (SDM) और स्थानीय ग्रामीणों ने भी इसके सुचारू संचालन में योगदान दिया है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, समाजसेवियों और पुस्तक प्रेमियों से अपील की है कि वे अपनी उपयोगी पुस्तकें इस लाइब्रेरी में दान कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें।

ये भी पढ़े: मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के आवेदन की तिथि बढ़ी: 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन फॉर्म भरने का अवसर