Muzaffarpur Heroin Smuggling;मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुजफ्फरपुर पुलिस और बिहार STF की नारकोटिक्स सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत पांच कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 136.35 ग्राम हेरोइन, करीब 2.54 लाख रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 27.20 लाख रुपये है। कार्रवाई तुर्की थाना क्षेत्र में की गई।
बस में हेरोइन ले जाने की मिली थी सूचना
Muzaffarpur Heroin Smuggling;पुलिस को सूचना मिली थी कि एक यात्री बस के जरिए हेरोइन की खेप किशनगंज से पटना की ओर ले जाई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और STF की टीम ने तुर्की थाना इलाके में विकास लाइन होटल के पास वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली गई। जांच में उनके पास से हेरोइन और बड़ी मात्रा में नकदी मिली। इसके बाद पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पांचों आरोपियों की हुई पहचान
Muzaffarpur Heroin Smuggling;पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के कुंदन राय और रोहित कुमार, रुस्तमपुर ओपी क्षेत्र के प्रकाश कुमार और सतीश कुमार तथा पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र की काजल देवी शामिल हैं।
पश्चिमी एसडीपीओ एसी ज्ञानी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सभी आरोपियों के एक संगठित ड्रग नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
हेरोइन के साथ ये सामान भी मिला
Muzaffarpur Heroin Smuggling;तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 136.35 ग्राम हेरोइन, 2.54 लाख रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा आधार कार्ड और बस व ट्रेन से यात्रा से संबंधित टिकट भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में थे और नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।
सिलचर से बिहार लाई जाती थी खेप
Muzaffarpur Heroin Smugglingप्रारंभिक पूछताछ और जांच में पुलिस को पता चला है कि हेरोइन की खेप असम के सिलचर से बिहार लाई जाती थी। इसके बाद इसे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाने का काम किया जाता था।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क का संपर्क बिहार के अलावा असम और दूसरे राज्यों में मौजूद लोगों से भी हो सकता है। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
Muzaffarpur Heroin Smugglingमामले में तुर्की थाना में कांड संख्या 294/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही उनसे जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और आगे की जांच के आधार पर अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
read this;-जामताड़ा में गणपति उत्सव की धूम: सोमवार से शुरू होगा 10 दिवसीय भव्य मेला, तैयारियां अंतिम चरण में

