CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने पकड़ा आरोपी, मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करने का आरोप
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने तिगड़ी गोल चक्कर स्थित शनि मंदिर में हुई चोरी की घटना का महज छह घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दानिश उर्फ बबलू नामक युवक को गिरफ्तार किया है। चोरी की घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी, जिसकी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने की कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर पीतल की मूर्तियों और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के संबंध में मंदिर से जुड़े सूरज शुक्ला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज के साथ मैनुअल इनपुट की मदद से संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश उर्फ बबलू, मूल निवासी गांव काशी, थाना परतापुर, मेरठ और वर्तमान में सेक्टर-123 स्थित राधाकुंज कॉलोनी, नोएडा निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र करीब 24 वर्ष है।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई कई वस्तुएं बरामद करने की जानकारी दी है। बरामद सामान में लड्डू गोपाल की बड़ी और छोटी पीतल की मूर्तियां, राधा रानी की बड़ी मूर्ति, गदा, चरण पादुका, तीन पीतल के लोटे, पांच दीपक और एक घंटी शामिल हैं। इसके अलावा पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और एनडीपीएस एक्ट सहित चार मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।
