बड़नगर। बड़नगर-उज्जैन फोरलेन पर देर रात रात्रि गश्त के दौरान इंगोरिया थाने का शासकीय पुलिस वाहन हादसे का शिकार हो गया। घटना करीब रात 1:30 बजे सोमनाथ ढाबे के पास हुई। दुर्घटना में सब इंस्पेक्टर नानकराम पटेल और आरक्षक चालक दीपक सोलंकी घायल हुए हैं। एसआई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, एसआई नानकराम पटेल रात्रि गश्त के लिए खरसोद खुर्द की ओर से इंगोरिया की तरफ लौट रहे थे। शासकीय वाहन आरक्षक चालक दीपक सोलंकी चला रहे थे। इसी दौरान सोमनाथ ढाबे के नजदीक आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
अचानक ट्रक के रुकने पर पुलिस वाहन के चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर के बाद पुलिस वाहन पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि शासकीय वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल इंगोरिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एसआई नानकराम पटेल को गंभीर चोटों के चलते उज्जैन रेफर किया गया। बताया गया है कि उनके चेहरे, कंधे तथा हाथ-पैर में चोटें आई हैं और उज्जैन के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
वहीं आरक्षक चालक दीपक सोलंकी को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज इंगोरिया के शासकीय अस्पताल में जारी है। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद दोनों पुलिसकर्मियों की जान बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
