Spread the love

इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के परम धाम गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या से सनसनी फैल गई। बुजुर्ग का शव घर के बाहर जानवरों के पास खून से सना हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

दूध लेने पहुंचे व्यक्ति ने देखा शव

बताया जा रहा है कि सुबह एक व्यक्ति दूध लेने के लिए वहां पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर खून से लथपथ बुजुर्ग के शव पर पड़ी। उसने तत्काल मृतक के परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।

मृतक की पहचान सिद्ध स्वरूप पुत्र लखपति सिंह, उम्र करीब 70 वर्ष, के रूप में हुई है। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी दहशत का माहौल बन गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।