जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार देर रात घर से लगी ईंट की दीवार अचानक ढह गई। हादसे के समय दीवार के पास सो रहे पति-पत्नी मलबे की चपेट में आ गए। दुर्घटना में आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतका की पहचान पन्दनी गांव निवासी शंकर राय की 32 वर्षीय पत्नी ललिता देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे शंकर राय और उनकी पत्नी घर में सो रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कमजोर हुई घर से सटी ईंट की दीवार अचानक भरभराकर दोनों के ऊपर जा गिरी।
मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों पति-पत्नी मलबे में दबे हुए थे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल नारायणपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया।
दोनों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया। हालांकि, धनबाद पहुंचने पर डॉक्टरों ने ललिता देवी को मृत घोषित कर दिया। उनके पति का इलाज जारी है।
एक महीने बाद होना था प्रसव
परिजनों के मुताबिक, ललिता देवी आठ महीने की गर्भवती थीं और करीब एक महीने बाद उनके प्रसव की उम्मीद थी। हादसे में उनकी मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजस्व विभाग की टीम ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद नारायणपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी मिहिर सोरेन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर हादसे की स्थिति और नुकसान की जानकारी ली।
लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीण इलाकों में जर्जर और कमजोर निर्माणों को लेकर सुरक्षा की चिंता भी बढ़ा दी है।
