Spread the love

सासाराम। चेनारी क्षेत्र के करमचट डैम में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद घूमने आए पर्यटकों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। पानी में मगरमच्छ को देखकर कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि शाम के समय कुछ लोग डैम घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में विचरण कर रहे एक मगरमच्छ पर पड़ी। शुरुआत में लोगों को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ, लेकिन मगरमच्छ को करीब आते देख कुछ लोगों ने मोबाइल से उसका वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।

वीडियो में मगरमच्छ पानी के किनारे की ओर आता दिखाई दे रहा है। लोगों की हलचल और आवाज सुनने के बाद वह वापस गहरे पानी की तरफ चला गया। घटना के बाद वहां मौजूद पर्यटकों में कुछ समय के लिए डर का माहौल रहा।

जंगली क्षेत्र होने के कारण वन विभाग ने बताया सामान्य

वन विभाग के अनुसार करमचट डैम पहाड़ी और जंगल से घिरे क्षेत्र में स्थित है। ऐसे प्राकृतिक इलाके में मगरमच्छ का दिखाई देना असामान्य नहीं माना जाता। हालांकि, विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पानी के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी है।

वोटिंग को लेकर सुरक्षा पर सवाल

करमचट डैम में पर्यटकों के लिए वोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। ऐसे में पानी में मगरमच्छ की मौजूदगी सामने आने के बाद पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि मगरमच्छ लगातार जल क्षेत्र में दिखाई देता है, तो वोटिंग करने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मगरमच्छ को देखने के लिए पानी के बेहद करीब न जाएं और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।