Spread the love

खंडवा। शहर में अवैध रूप से शराब पिलाने की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। माता चौक स्थित शराब दुकान के पास बनाए गए अवैध शेड को प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर की मदद से हटा दिया।

बताया गया कि शराब दुकान के समीप शेड लगाकर लोगों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई से मचा हड़कंप

जसवाड़ी रोड क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध अहाता संचालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन कर शराब पिलाने वाले स्थानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने बताया कि प्रशासन को क्षेत्र में अवैध रूप से शराब पिलाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की जांच के बाद संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, सहायक आबकारी अधिकारी सीएस मीणा समेत पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि अवैध अहातों के संचालन पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।