DelhiDelhi
Spread the love

रिपोर्टर: अरमान कुरैैशी

Delhi : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सराय काले खां इलाके से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (ISI) के लिए जासूसी करने वाले एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय सिम कार्डों की तस्करी कर और संवेदनशील रक्षा संबंधी जानकारियां जुटाकर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजते थे।

स्पेशल सेल के उपायुक्त नारा चैतन्य के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान बदायूं निवासी मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा के रूप में हुई है।

इंस्टाग्राम से संपर्क और दुबई के रास्ते सिम कार्ड की तस्करी

Delhi पूछताछ के दौरान सामने आया कि साहिल और समीरा वर्ष 2024 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आए थे। शादी के बाद दोनों पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (PIO) के लिए काम करने लगे।

दंपती ने 2024 और 2025 के दौरान दुबई के रूट का इस्तेमाल कर 8 भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान भेजे, जिसके बदले उन्हें ₹30,000 मिले थे। पाकिस्तान में बैठे आतंकी और जासूस इन भारतीय नंबरों पर वॉट्सएप चालू करके भारतीय सैन्य ग्रुप्स में घुसपैठ करते थे।

सैन्य छावनियों की रेकी और संवेदनशील जानकारी का टारगेट

Delhi पाकिस्तानी हैंडलर्स ने इस दंपती को भारत में सैन्य छावनी क्षेत्रों की रेकी करने के लिए स्थानीय लोगों को नेटवर्क में शामिल करने का काम सौंपा था। इसके अलावा, साहिल को ऐसे सेना के जवानों की सूची और जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई थी जिनके खिलाफ कोर्ट मार्शल की कार्यवाही ट्रिब्यूनल में चल रही थी।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि असंतुष्ट या कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे कर्मचारियों को आसानी से बरगलाने के उद्देश्य से यह रणनीति अपनाई गई थी।

स्पेशल सेल की कार्रवाई और आपत्तिजनक सबूत बरामद

Delhi स्पेशल सेल ने आरोपी समीरा के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें पाकिस्तानी जासूसों और पीआईओ के साथ की गई आपत्तिजनक बातचीत (चैट) के सबूत मिले हैं।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि पाकिस्तान में बैठे आका एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए भारत में अपने स्लीपर सेल और ओवरग्राउंड वर्कर्स से संपर्क बनाए रखते थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

ये भी पढ़े: जमशेदपुर में जगत पुत्री कुल्लू रानी माता का जन्मोत्सव 3 से 5 सितंबर तक, तैयारियां पूरी