रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Nagpur : महाराष्ट्र के नागपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। जन्मदिन का जश्न मनाने निकले तीन नाबालिग दोस्तों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा तीसरा दोस्त गंभीर रूप से घायल है।
Nagpur बर्थ-डे सेलिब्रेशन की खुशियाँ मातम में बदलीं
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त घर से जन्मदिन की खुशी मनाने के लिए निकले थे। वायरल सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अपना संतुलन खो देती है और सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाती है।
इस हादसे में 16 वर्षीय भौमिक लारोकर और 17 वर्षीय संजय मेलवाणी की दुखद मौत हो गई। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
Nagpur बिना ड्राइविंग लाइसेंस कार चला रहा था 17 साल का किशोर
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चला रहा 17 वर्षीय मिहिर बेहार गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मिहिर के पास ड्राइविंग लाइसेंस (DL) नहीं था, फिर भी वह गाड़ी चला रहा था।
पुलिस इस बिंदु की भी गहनता से जांच कर रही है कि नाबालिगों को कार की चाबी किसने दी और उन्हें गाड़ी ले जाने की अनुमति कैसे मिली।
सड़क सुरक्षा और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर खड़े हुए सवाल
इस भयावह दुर्घटना ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे किसी भी हाल में नाबालिग बच्चों को गाड़ी न सौंपें।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र के नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला: निहंग ने कृपाण से किया वार, अस्पताल में भर्ती

