NandedNanded
Spread the love

रिपोर्टर: पुनीत रंधावा

Nanded : महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित एक गुरुद्वारा परिसर से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर एक निहंग सिख ने धारदार हथियार (कृपाण) से जानलेवा हमला कर दिया।

इस अचानक हुए हमले में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए नांदेड़ के निजी ‘यशोसाई अस्पताल’ में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

Nanded सुरक्षा अधिकारी भी घायल, हमलावर निहंग गिरफ्तार

घटना नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारा परिसर में मौजूद थे, तभी एक निहंग ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी भी बीच-बचाव के दौरान घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी निहंग को मौके पर ही दबोच लिया और हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Nanded तख्त श्री पटना साहिब में दर्शन के बाद पहुँचे थे नांदेड़

बताया जा रहा है कि नांदेड़ पहुँचने से पहले सुखबीर सिंह बादल ने सुबह अपने परिवार के साथ तख्त श्री पटना साहिब में मत्था टेका और दर्शन किए थे। इसके बाद वे महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुँचे थे, जहाँ यह दुखद हादसा हुआ।

पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला

सुखबीर सिंह बादल पर हुआ यह पहला हमला नहीं है। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी उन पर गोली चलाई गई थी। उस समय वे श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सुनाई गई धार्मिक सेवा निभा रहे थे।

उस वक्त मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए हमलावर नारायण सिंह को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया था। नांदेड़ में हुई इस ताजा घटना के बाद एक बार फिर उनके सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ये भी पढ़े: N Chandrasekaran के बाद कौन संभालेगा टाटा ग्रुप की कमान? TV Narendran के नाम की चर्चा तेज