रिपोर्टर: धर्मेन्द्र कुमार
Patna : बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके में देर रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने शुभम यादव नामक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं।
यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीनों आरोपी अपाचे बाइक से आते और गोलीबारी के बाद तेजी से फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
Patna गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, गंभीर हालत में युवक भर्ती
घटना रात करीब 11 बजे की है। अचानक हुई गोलीबारी से पूरा भूपतिपुर इलाका थर्रा उठा। गोलियों की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग बाहर आए, तो शुभम सड़क पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। आनन-फानन में ग्रामीणों और परिजनों ने उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। युवक की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।
Patna मौके पर पहुँची पुलिस और एफएसएल की टीम, सीसीटीवी खंगालने में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही रामकृष्णा नगर थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के कई खाली खोखे बरामद किए हैं। फॉरेंसिक (FSL) टीम ने भी मौके पर पहुँचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक के नंबर और अपराधियों के चेहरों को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है। इलाके में फैले तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
एसएसपी की क्राइम मीटिंग के ठीक बाद वारदात से खड़े हुए सवाल
इस घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात से कुछ ही देर पहले पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा जिले के सभी अनुमंडलीय पुलिस अधिकारियों (SDPO) और थानेदारों के साथ अपराध समीक्षा बैठक (Crime Meeting) कर रहे थे। बैठक में शहर की सुरक्षा दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए थे, लेकिन बैठक खत्म होते ही अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देकर पुलिसिया दावों की हवा निकाल दी।
पुलिस का मानना है कि इस घटना के पीछे आपसी या पुरानी रंजिश हो सकती है। एसएसपी ने विशेष टीम का गठन कर अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।
ये भी पढ़े: कटिहार: राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई, नौसादर लदी पिकअप जब्त, दो गिरफ्तार

