रिपोर्टर: प्रभाकर दूबे
New Delhi : संसद में जारी निरंतर गतिरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र भेजकर छात्र आंदोलन और नीट (NEET) परीक्षा से जुड़े विषयों पर सदन में विस्तृत चर्चा कराने की मांग की है। अमित शाह ने पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया कि सरकार इस मुद्दे पर विपक्ष के सभी सवालों का उत्तर देने के लिए पूरी तरह तैयार है और स्पीकर से इसके लिए समय निर्धारित करने का आग्रह किया है।
New Delhi गृह मंत्री ने पत्र में रखी सरकार की मंशा
लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में गृह मंत्री ने उल्लेख किया कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में इस विषय पर चर्चा की सहमति दे चुके हैं। उन्होंने याद दिलाया कि चालू सत्र के दौरान पेपर लीक से जुड़े संशोधन विधेयक पर पहले भी चर्चा हो चुकी है, हालांकि उस समय विपक्ष ने नीट परीक्षा पर अपने विचार व्यक्त नहीं किए थे। अमित शाह ने स्पीकर से अनुरोध किया कि वे विपक्ष के साथ समन्वय बनाकर चर्चा के लिए जितना संभव हो उतना समय आवंटित करें।
New Delhi “सरकार हर सवाल का जवाब देने को तैयार, विपक्ष तय करे”
पत्र भेजने से पूर्व मीडिया को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार दोपहर तीन बजे से अगले दिन तीन बजे तक कभी भी चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल सदन में सार्थक बहस करने के बजाय केवल हंगामा खड़ा करना चाहते हैं। शाह ने व्यक्तिगत तंजों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि वह सत्र की शुरुआत से ही संसद में उपस्थित रहकर अपने चैंबर से कार्य निष्पादित कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने जताई असहमति
गृह मंत्री की इस पहल के बीच कांग्रेस नेता और विपक्ष के मुख्य चेहरों में शामिल राहुल गांधी का रुख काफी सख्त नजर आया। उन्होंने गृह मंत्री के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष केवल अमित शाह का ‘लेक्चर’ नहीं सुनना चाहता। इस सियासी खींचतान के बाद अब सबकी नजरें लोकसभा अध्यक्ष के आगामी निर्णय और सदन की कार्यवाही पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े: धनबाद-कोयंबटूर के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, झारखंड समेत 6 राज्यों के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

