रिपोर्टर: खुशबू रावत
Tonk : राजस्थान के टोंक जिले में एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) और स्टेट इंटेलिजेंस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आतंकी कनेक्शन के संदेह में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। प्राथमिक जांच के अनुसार, हिरासत में लिए गए बासित और बुरहान के तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन ‘जैश-ए-मोहम्मद’ और सीमा पार बैठे हैंडलर्स से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
Tonk बासित से पूछताछ के आधार पर कार बाजार से पकड़ा गया बुरहान
एजेंसियों ने सबसे पहले 20 वर्षीय बासित को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। बासित से मिले अहम इनपुट की निशानदेही पर एटीएस ने टोंक के कार बाजार क्षेत्र में दबिश दी और बुरहान नाम के दूसरे संदिग्ध को काबू में लिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
Tonk संदिग्ध के घर से बैंक दस्तावेज और संदिग्ध सामान जब्त
हिरासत में लिए जाने के बाद कोतवाली पुलिस और जांच टीमों ने बासित के आवास पर सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी के कुछ पुर्जे जब्त किए हैं। बासित के परिजनों के अनुसार, वे धन्नातलाई क्षेत्र में ढाबा संचालित करते हैं, जहां बासित भी काम में सहयोग करता था।
जयपुर से पहले गिरफ्तार हो चुकी है बबीता धाकड़ उर्फ ‘खदीजा’
इससे पूर्व जून माह में भी राजस्थान एटीएस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर जयपुर निवासी बबीता धाकड़ (उर्फ खदीजा) को गिरफ्तार किया था। बबीता पर जैश-ए-मोहम्मद के पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में रहने और अपने सोशल मीडिया व व्हाट्सएप अकाउंट्स का एक्सेस बहावलपुर (पाकिस्तान) में बैठे हैंडलर को देने का आरोप था। एजेंसियां अब टोंक से पकड़े गए दोनों युवकों के तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े होने के पहलू पर जांच कर रही हैं।
ये भी पढ़े: जमशेदपुर में मारवाड़ी युवा मंच सुरभि शाखा का “रंगीलो सावन” संपन्न: प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बिखेरा जलवा

