VirudhunagarVirudhunagar
Spread the love

रिपोर्टर: ईशु प्रसाद

Virudhunagar : तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में शिवकाशी के पास स्थित एक अवैध पटाखा निर्माण इकाई में भीषण आग और धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर काम कर रहे दो मजदूरों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया है।

Virudhunagar रसायन मिलाते समय घर्षण से हुआ जोरदार धमाका

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मजदूर एक अस्थायी टिन शेड के नीचे पटाखे बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान केमिकल्स को हैंडल करते समय आपस में रगड़ लग गई, जिससे भीषण आग लग गई और अचानक ज़ोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज आसपास के लगभग 5 किलोमीटर के इलाके तक सुनाई दी और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मलबे में तलाश के दौरान मिले दो शव

विस्फोट की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन, अग्निशमन दल और आपदा राहत की टीमें तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मलबे में चलाए गए राहत व बचाव कार्य के दौरान दो मजदूरों के झुलसे हुए शव बरामद हुए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए पास के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

बचाव कार्य जारी, पुलिस जांच में जुटी

घटना में गंभीर रूप से झुलसे (लगभग 80-90 प्रतिशत जले) अन्य व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और अवैध रूप से चल रही इस फैक्ट्री के संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े: भोजपुर में जमीनी विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, सिर को छूकर निकली गोली, 16 वर्षीय किशोरी जख्मी