KodarmaKodarma
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Kodarma : झारखंड के कोडरमा जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया। नवलशाही थाना क्षेत्र स्थित एक विस्फोटक मैगजीन हाउस और कारोबारी शंकर यादव के रिहायशी मकान पर एनआईए की टीम ने एक साथ छापेमारी की। सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात है।

Kodarma मैगजीन हाउस और आवास पर तड़के दबिश, खंगाले जा रहे दस्तावेज

मिली जानकारी के अनुसार, लोकाई निवासी कारोबारी शंकर यादव के नवादा-फुलवरिया स्थित विस्फोटक मैगजीन हाउस में एनआईए की टीम सुबह से जांच-पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही लोकाई स्थित उनके निजी आवास को भी सुरक्षा बलों ने घेरे में लेकर गहन तलाशी ली। टीम परिसर में मौजूद कागजात और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।

Kodarma नक्सलियों को अवैध विस्फोटक सप्लाई करने का संदेह

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध विस्फोटक सामग्री की हेराफेरी और संदिग्ध आपूर्ति नेटवर्क को ध्वस्त करने के सिलसिले में की जा रही है। इलाके में चर्चा है कि जांच की कड़ियां प्रतिबंधित नक्सली संगठनों तक अवैध रूप से विस्फोटक पहुंचाने के आरोपों से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एनआईए या स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Kodarma कारोबारी समेत 2 लोग हिरासत में, कई अन्य ठिकाने रडार पर

छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम ने नावाडीह निवासी कारोबारी शंकर यादव और महेश कुमार मेहता को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि अवैध विस्फोटकों की कड़ियों की तलाश में जिले के कुछ अन्य मैगजीन हाउस भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं और आने वाले घंटों में छापेमारी का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

ये भी पढ़े: Ranchi: झारखंड में पारा शिक्षकों की बल्ले-बल्ले, JSSC ने सहायक आचार्य के 7,299 पदों पर निकाली बंपर भर्ती, 31 जुलाई से आवेदन शुरू