रिपोर्टर: आगस्टीन हेम्बरम
Dumka : जिले के गोपीकांदर प्रखंड स्थित ओडमो पंचायत के महुलडाबर (नावाडीह टोला) गांव में पिछले एक हफ्ते के भीतर तीन लोगों—मनोज सोरेन, मरांगकुडी बासकी और जंगल सोरेन—की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में दहशत का माहौल है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। स्थिति पर काबू पाने और बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए विभाग की ओर से लगातार दूसरे दिन गांव में विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
Dumka स्वास्थ्य शिविर में 33 मरीजों की जांच, 15 वर्षीय किशोरी पाई गई मलेरिया से पीड़ित
गाँव में आयोजित जांच शिविर के दौरान कुल 33 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की गहन पड़ताल की गई। जांच में 13 लोगों में बुखार, 5 में सर्दी-खांसी, 7 में अत्यधिक कमजोरी और 8 में बिना लक्षण वाले संदिग्ध मामले दर्ज किए गए।
शिविर के दौरान 15 वर्षीय किशोरी रूसीला मुर्मू में तेज बुखार के लक्षण देखकर उसकी मलेरिया जांच की गई, जिसमें प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम (PF) मलेरिया की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य टीम ने अपनी देखरेख में मरीज को प्रथम दिन की दवा दी, जबकि अगले दो दिनों की खुराक की निगरानी का जिम्मा स्थानीय स्वास्थ्य सहिया प्रोमीला मुर्मू को सौंपा गया है।
Dumka जिला स्तरीय टीम ने लिया जायजा; जोरिया और नाले के पानी के सैंपल भेजे गए लैब
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से डॉक्टरों और विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय टीम गांव पहुँची। जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. समीरण मंडल, मलेरिया निरीक्षक किशोर मंडल और जिला VBD पदाधिकारी डॉ. जावेद ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
बीमारी के सही कारणों को समझने के लिए टीम ने स्थानीय जोरिया (पहाड़ी नाला) और जल स्रोतों से पानी के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें लैब में जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
Dumka वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में जारी है उपचार
स्वास्थ्य विभाग का मुख्य उद्देश्य गांव में संक्रमण को फैलने से रोकना और समय पर लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। इस मेडिकल कैंप में प्रखंड स्तर से डॉ. हीरालाल मंडल, एएनएम सरिता मरांडी, मस्तान मुर्मू और प्रेमतोष बास्की सक्रिय रहे। पूरे अभियान और व्यवस्थाओं की निगरानी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित आनंद खुद कर रहे हैं।
ये भी पढ़े: Chapra: निजी स्कूल में शर्मसार करने वाली घटना, 7वीं की छात्रा से गंदी चैटिंग करने वाला शिक्षक गिरफ्तार

