Navi MumbaiNavi Mumbai
Spread the love

रिपोर्टर: राज त्रिपाठी

Navi Mumbai Husband Murder Case : महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। राबले एमआईडीसी पुलिस ने ऐरोली के यादव नगर में करीब 11 महीने पहले हुए एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। यहाँ एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए लाश के तीन टुकड़े कर जंगल में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सुनीता कुशवाहा (40) और उसके प्रेमी राहुल दशरथ प्रजापति (30) को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने दोनों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

Navi Mumbai Husband Murder Case प्रेम प्रसंग के विरोध पर रची हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय मृतक बलिराम सूर्यनाथ कुशवाहा अपनी पत्नी सुनीता और राहुल के अवैध संबंधों का विरोध करता था। इसी बात से परेशान होकर दोनों आरोपियों ने बलिराम को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 9 अगस्त 2025 की रात को अंजाम दी गई इस वारदात से पहले सोची-समझी रणनीति के तहत दंपति के दोनों बच्चों को उनकी मौसी के घर भेज दिया गया था। इसके बाद जब बलिराम सो रहा था, तब दोनों ने मिलकर पहले उसका गला घोंटा और फिर एक धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।

Navi Mumbai Husband Murder Case ऑटो से जंगल में ठिकाने लगाए शव के टुकड़े

क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव के तीन हिस्से किए। उन्होंने इन टुकड़ों को अलग-अलग बोरियों और चादरों में बांधा और राहुल के ऑटो रिक्शा में लादकर गावली देव पहाड़ी के जंगलों में ले गए। वहाँ तीनों टुकड़ों को अलग-अलग सुनसान जगहों पर फेंक दिया गया। वारदात के बाद सुनीता अपने बच्चों को लेकर घंसोली शिफ्ट हो गई और राहुल के साथ रहने लगी। आस-पास के लोगों और रिश्तेदारों को उसने यह कहानी सुनाई कि बलिराम बिना बताए कहीं घर छोड़कर चला गया है।

Navi Mumbai Husband Murder Case 11 महीने बाद ऐसे खुला खौफनाक राज

इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश तब हुआ जब बलिराम के भाई ने उसकी खोजबीन शुरू की। भाई को जब शक हुआ, तो उसने अप्रैल 2026 में राबले एमआईडीसी थाने में बलिराम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), अचानक बदले गए मोबाइल नंबरों और सुनीता व राहुल के बयानों में भारी विरोधाभास पाया गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक देवीदास कठारे ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर गावली देव के जंगलों में मृतक के कंकाल और अवशेषों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़े: Bhojpur SP Surprise Inspection: आरा के रमना मैदान और सिंडिकेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा