Amyra Neerja Modi School Jaipur : राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रतिष्ठित नीरजा मोदी स्कूल की चौथी कक्षा की छात्रा अमायरा की मौत के मामले में एक नया और झकझोर देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है। पिछले साल नवंबर में स्कूल की चौथी मंजिल से गिरकर हुई अमायरा की मौत के मामले में यह फुटेज स्कूल प्रशासन और क्लास टीचर की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मौत से ठीक पहले मासूम अमायरा क्लास में कितनी बेचैन थी और किस तरह वह अपनी टीचर से मदद की भीख मांग रही थी।
Amyra Neerja Modi School Jaipur डिजिटल स्लेट पर कुछ देखते ही बदली अमायरा की चाल, फुटेज में दिखी भारी बेचैनी
CCTV फुटेज की शुरुआत में 9 वर्षीय अमायरा बेहद शांत और सामान्य नजर आ रही थी। उसने क्लास में आकर अपनी सहेली का अभिवादन किया और डांस क्लास में भी बाकी बच्चों के साथ पूरे उत्साह से भाग लिया। लेकिन, डांस क्लास से लौटने के बाद क्लासरूम का माहौल बदल गया। फुटेज में कुछ बच्चे अमायरा को एक डिजिटल स्लेट दिखाते नजर आ रहे हैं। इस स्लेट को देखने के बाद अमायरा के व्यवहार में अचानक गहरा बदलाव आया। वह असहज और बेहद घबरायी हुई दिखने लगी और उसने पढ़ाई से अपना ध्यान हटा लिया।
Amyra Neerja Modi School Jaipur हाथ जोड़कर रोती रही मासूम, पर सख्त टीचर ने हर बार सीट पर वापस भेजा
पीड़ित परिवार के अनुसार, क्लास में सहपाठियों के व्यवहार से परेशान होकर अमायरा करीब एक घंटे के भीतर कई बार अपनी क्लास टीचर पुनीता शर्मा के पास गई। फुटेज में दिख रहा है कि वह रोते हुए और हाथ जोड़कर टीचर को अपनी आपबीती सुनाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन संवेदनहीनता की हद देखिए, जब भी अमायरा बात करने जाती, कोई न कोई दूसरा बच्चा बीच में आ जाता और टीचर अमायरा की बात सुने बिना उसे डांटकर सीट पर वापस भेज देती। बेबसी के इस आलम में मासूम ने सदमे के कारण अपना मुंह और सिर तक ढक लिया, लेकिन सख्त मिजाज टीचर का दिल नहीं पसीजा।
Amyra Neerja Modi School Jaipur स्कूल स्टाफ की भारी लापरवाही: ग्राउंड फ्लोर से अकेले चौथी मंजिल पर पहुंच गई छात्रा
क्लास टीचर से कोई मदद न मिलने पर पूरी तरह टूट चुकी अमायरा अकेले ही क्लासरूम से बाहर निकल गई। कॉरिडोर से होते हुए वह सीढ़ियों की तरफ बढ़ी। हैरान करने वाली बात यह है कि उसका क्लासरूम ग्राउंड फ्लोर (भूतल) पर था, लेकिन वह सीढ़ियां चढ़कर सीधे चौथी मंजिल पर पहुंच गई। इस पूरे रास्ते में स्कूल का कोई भी गार्ड या स्टाफ मेंबर उसे रोकने या टोकने के लिए मौजूद नहीं था। 1 नवंबर को वह चौथी मंजिल की रेलिंग से करीब 48 फीट नीचे गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
Amyra Neerja Modi School Jaipur CBSE की जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: 18 महीने से हो रही थी बुलिंग
इस मामले पर संज्ञान लेते हुए सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) की दो सदस्यीय निरीक्षण समिति ने स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार:
- लगातार उत्पीड़न: अमायरा को पिछले 18 महीनों से उसके सहपाठी लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे और उसके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
- शिकायतों की अनदेखी: अमायरा के पिता ने सितंबर में भी एक छात्र द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत क्लास टीचर से की थी, लेकिन टीचर ने इसे यह कहकर टाल दिया कि “बच्चों को आपस में घुलने-मिलने की जरूरत है।”
- प्रबंधन पर सवाल: कमेटी ने माना कि स्कूल का सुरक्षा तंत्र पूरी तरह फेल था, जिसके कारण एक छोटी बच्ची बिना किसी की नजर में आए चौथी मंजिल तक पहुंच गई।
अब अमायरा के माता-पिता ने पुलिस की ढीली कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत क्लास टीचर के साथ-साथ स्कूल के प्रिंसिपल और चेयरमैन के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

