MungerMunger
Spread the love

रिपोर्टर: अतहर खान

Munger : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने एक बेहद राहत भरी घोषणा की है। परीक्षा के दिन छात्रों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। मुंगेर डिपो प्रशासन के अनुसार, परीक्षार्थी केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाकर इस निःशुल्क सेवा का लाभ उठा सकते हैं।

Munger एडमिट कार्ड ही होगा आपका टिकट: डिपो अधीक्षक

मुंगेर डिपो के अधीक्षक संजय कुमार सिन्हा ने इस विशेष पहल की जानकारी देते हुए बताया कि निगम के सभी तय रूटों पर चलने वाली बसों में यह सुविधा लागू रहेगी। बस में सफर के दौरान छात्र-छात्राओं को अपना नीट एडमिट कार्ड या कोई भी वैध पहचान पत्र (ID Proof) दिखाना होगा। परिवहन निगम ने इस संबंध में सभी चालकों और परिचालकों (बस कर्मियों) को सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं ताकि छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Munger आर्थिक बोझ होगा कम, समय पर पहुंचेंगे केंद्र

डिपो अधीक्षक ने कहा कि कई अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र घर से काफी दूर होते हैं, जिससे उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में छात्रों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने और उन्हें समय पर सुरक्षित परीक्षा केंद्र पहुंचाने के उद्देश्य से यह संवेदनशील निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से थोड़ा पहले बस स्टैंड पहुंचें और यात्रा के दौरान अपना एडमिट कार्ड हमेशा साथ रखें।

Munger मुंगेर में तीन केंद्रों पर परीक्षा, दोपहर में शुरू होगा मुकाबला

इस वर्ष मुंगेर जिले में नीट परीक्षा के लिए तीन प्रमुख परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (मुंगेर), बैजनाथ राजकीय बालिका प्लस टू विद्यालय और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय (जमालपुर) शामिल हैं। रविवार को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए परिवहन निगम की यह पहल हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए एक बड़ी मददगार साबित होगी।

ये भी पढ़े: Jamtara में गूंजा पीएम का संदेश: ‘कम तेल की थाली, देश रहे खुशहाली’ अभियान से जुड़ीं महिलाएं