रिपोर्टर: दीनानाथ माैआर
Aurangabad : बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर एक अनियंत्रित लग्जरी यात्री बस आगे चल रहे डंपर ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में एक फार्मा कंपनी के कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से 22 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
Aurangabad मदनपुर के पहारचापी मोड़ के पास आधी रात को हुआ हादसा
यह दर्दनाक दुर्घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप मंगलवार की अहले सुबह करीब दो बजे हुई। जानकारी के अनुसार, ‘रेखा लग्जरी एक्सप्रेस’ बस सोमवार की रात लगभग 9 बजे वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से रांची के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस पहारचापी मोड़ के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क निर्माण कार्य में राख लेकर जा रहे एक डंपर ट्रक के पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
Aurangabad वाराणसी के फार्मा कर्मी की मौत, घायलों में अधिकांश यूपी के निवासी
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है। विवेक एक फार्मास्युटिकल कंपनी में काम करते थे और ऑफिशियल काम से अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ रांची जा रहे थे। दुर्घटना में घायल हुए अधिकांश लोग वाराणसी के ही रहने वाले हैं, जिनमें मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा और दुलारी देवी शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर और सदर अस्पताल औरंगाबाद में भर्ती कराया गया है।
Aurangabad स्थानीय प्रशासन और अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीण और मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस बीच, घटना पर दुख जताते हुए औरंगाबाद जिला पार्षद सदस्य अनिल यादव ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इलाके में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

