Neet ExamNeet Exam
Spread the love

रिपोर्टर: गनेश सिंह

Neet Exam : देश में होने वाली आगामी NEET UG की दोबारा परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने एक बेहद कड़ा कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने भारत में लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ‘टेलीग्राम’ के एक्सेस पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार का यह प्रतिबंध आगामी 22 जून 2026 तक लागू रहेगा, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अफवाहों को रोका जा सके।

Neet Exam आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत की गई कार्रवाई

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह प्रतिबंध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), 2000 की धारा 69A के कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत लगाया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह रोक एक निश्चित और सीमित समय के लिए ही है, जिसमें 21 जून को होने वाली नीट (यूजी) 2026 की पुनरीक्षा का दिन और उसके ठीक बाद का संवेदनशील समय शामिल है।

Neet Exam फर्जी सबूतों पर लगाम लगाने के लिए ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर पर भी रोक

इस बार सरकार ने तकनीकी रूप से चालाकी करने वालों पर भी नकेल कसी है। मंत्रालय के निर्देशानुसार, टेलीग्राम पर पहले से भेजे जा चुके संदेशों को संशोधित करने वाले ‘मैसेज-एडिटिंग’ फीचर को 30 जून 2026 तक के लिए ब्लॉक कर दिया गया है। एनटीए का कहना है कि पूर्व में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा परीक्षा के बाद पुराने मैसेज को एडिट करके और उनके ओरिजिनल टाइमस्टैम्प (समय) का गलत फायदा उठाकर ‘पेपर लीक’ के झूठे सबूत गढ़ने का प्रयास किया जाता रहा है। इस फीचर के बंद होने से ऐसी धोखाधड़ी पर पूरी तरह रोक लगेगी।

Neet Exam परीक्षा तय समय पर होगी, एनटीए ने छात्रों से की आधिकारिक चैनलों पर भरोसे की अपील

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने स्वीकार किया है कि इस अस्थायी पाबंदी के कारण टेलीग्राम के सामान्य और प्रामाणिक यूजर्स को कुछ दिनों के लिए असुविधा का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, परीक्षा की शुचिता और गरिमा बनाए रखने के लिए यह बेहद जरूरी था। इसके साथ ही एनटीए ने साफ किया है कि नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 21 जून को ही आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने सभी परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी में न आएं और केवल आधिकारिक वेबसाइट व चैनलों पर दी गई सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

ये भी पढ़े: Bhagalpur: दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत