रिपोर्टर: अजहर खान
Munger : विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर मुंगेर के सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. फैजउद्दीन ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिले के सिविल सर्जन डॉ. राजू मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना और समय पर रक्त न मिलने के कारण होने वाली असमय मौतों को रोकना है। शिविर में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
Munger युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साह के साथ किया रक्तदान
शिविर के दौरान जिले के कई जागरूक नागरिकों ने स्वेच्छा से आगे आकर रक्तदान किया। खून दान करने वालों में मुख्य रूप से संजय यादव, अरुण शर्मा, मनोज कुमार, राजू राम, मो. एहसान और मो. कैश सहित कई अन्य लोग शामिल थे। रक्तदाताओं ने कहा कि उनके द्वारा किया गया यह छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। इस दौरान ब्लड बैंक के कर्मचारियों और लैब टेक्नीशियनों ने पूरी मुस्तैदी से काम करते हुए शिविर को सफल बनाने में अपना अहम योगदान दिया।
Munger साल में 4 बार खून देने वाले महादानियों का हुआ सम्मान
रक्तदान शिविर के दौरान एक बेहद प्रेरक पल तब आया, जब समाज के नियमित रक्तदाताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। जिले के जागरूक नागरिक त्रिपुरारी मिश्रा और हैदर अली को उनकी इस अनूठी सेवा के लिए विशेष तौर पर चुना गया। इन दोनों रक्तदाताओं ने पिछले एक साल के भीतर रिकॉर्ड चार बार रक्तदान कर समाज के सामने एक मिसाल पेश की है। मुख्य अतिथियों ने दोनों को मोमेंटो (स्मृति चिह्न) देकर सम्मानित किया और उनके जज्बे की सराहना की।
Munger जिले में चलेंगे 4 विशेष शिविर, मुफ्त जांच की भी सुविधा
आने वाले दिनों में इस मुहिम को और तेज किया जाएगा। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. फैजउद्दीन ने बताया कि बिहार राज्य रक्ताधान परिषद के दिशा-निर्देशों के तहत पूरे मुंगेर जिले में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस योजना के तहत जिले के अलग-अलग हिस्सों में कम से कम चार विशेष रक्तदान शिविरों का आयोजन होगा। इसके अलावा, आम जनता की सुविधा के लिए सदर अस्पताल में ब्लड ग्रुप की पहचान और हीमोग्लोबिन (Hb) की मुफ्त जांच के साथ-साथ डॉक्टरों द्वारा उचित परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

