रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : बिहार के सुपौल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सरायगढ़-भपटियाही अंचल क्षेत्र में मंगलवार सुबह अचानक नाव पलटने की खबर से प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही जिला और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, जांच के बाद यह साफ हुआ कि नाव पलटी नहीं थी, बल्कि नदी किनारे उतरते समय असंतुलित हो गई थी। स्थानीय लोगों और नाविक की सूझबूझ से सभी 15 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

Supaul अफवाह के बाद मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
यह घटना मंगलवार सुबह करीब 8:45 बजे सरायगढ़-भपटियाही अंचल के 36.40 स्पर के पास हुई। नाव डूबने की खबर मिलते ही अंचलाधिकारी धीरज कुमार, बीडीओ अच्युतानंद और थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे आपदा मित्रों व गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर दौड़े। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDMO) मनोहर साह और अपर समाहर्ता (आफ्टर मैनेजमेंट) मो. तारिक भी स्थिति का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे।
Supaul नाव पलटी नहीं, उतरने के दौरान बिगड़ा था संतुलन
अंचलाधिकारी धीरज कुमार द्वारा नाविक मो. तसलीम से की गई पूछताछ में घटना की असली वजह सामने आई। नाविक ने बताया कि नाव पर करीब 15 लोग सवार थे, जो पशुओं के लिए घास काटने और मूंग की फसल तोड़ने के लिए नदी पार कर रहे थे। जब नाव किनारे पहुंची और लोग उतरने लगे, तो अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया। इस वजह से कुछ लोग गहरे पानी में गिर गए। नाविक ने स्पष्ट किया कि नाव पूरी तरह सुरक्षित थी, वह डूबी नहीं थी।
Supaul सभी यात्री सकुशल, प्रशासन ने जारी की हेल्पलाइन
पानी में गिरे लोगों को नाविक और स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जांच के बाद प्रशासन ने पुष्टि की है कि सभी यात्री पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने नदी मार्गों पर सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने नाविकों को क्षमता से अधिक यात्री न बिठाने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही, जिला प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या जल हादसे की तुरंत सूचना जिला नियंत्रण कक्ष, सुपौल के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 06473-224005 पर दें ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।

