रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
NEET-UG Re-Test : 21 जून, 2026 को होने वाली नीट-यूजी (NEET-UG) की दोबारा परीक्षा से पहले बिहार पुलिस ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए एक जरूरी चेतावनी जारी की है। पुलिस ने लोगों को उन फर्जी फोन कॉल और सोशल मीडिया अफवाहों से सावधान रहने को कहा है, जिनमें मोटी रकम के बदले परीक्षा के प्रश्न-पत्र या आंसर-की (Answer Key) उपलब्ध कराने का लालच दिया जा रहा है।
NEET-UG Re-Test साइबर ठगों के झांसे में न आने की अपील
बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर जनता से अपील की है कि वे आगामी 21 जून की परीक्षा को लेकर साइबर अपराधियों के बहकावे में न आएं। पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व और ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भ्रामक जानकारियां फैलाकर परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं।
नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि यदि किसी को भी इस तरह का कोई संदिग्ध ऑफर या फोन कॉल आता है, तो वे तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दें। इसके लिए ईओयू ने अपनी आधिकारिक ईमेल आईडी digeou-bih@gov.in और मोबाइल नंबर 9031829067 जारी किया है, जिस पर सूचना दी जा सकती है।
NEET-UG Re-Test सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस की इस एडवाइजरी में साफ तौर पर सचेत किया गया है कि जो भी व्यक्ति या एजेंसी इस तरह की अवैध और धोखाधड़ी वाली गतिविधियों में लिप्त पाई जाएगी, उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ऐसे तत्वों के खिलाफ तुरंत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने हाल ही में 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। इससे पहले बीते 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था, जिसकी जांच वर्तमान में सीबीआई (CBI) कर रही है।
NEET-UG Re-Test अंतरराज्यीय ‘मुखिया गैंग’ पर पुलिस की नजर
इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने हाल ही में कथित पेपर लीक के मुख्य साजिशकर्ता संजीव कुमार सिंह उर्फ ’संजीव मुखिया’ को राजधानी पटना से गिरफ्तार किया था। संजीव मुखिया पर इससे पहले मार्च 2024 में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-3) का पेपर लीक करने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का जाल बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान तक फैला हुआ है, जो पहले भी कई राज्यों की प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में शामिल रहा है। नीट-यूजी के अलावा, ईओयू ने 10 से 12 जून तक होने वाली बिहार होम गार्ड क्लर्क परीक्षा और 14 से 17 जून तक होने वाली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए भी इसी तरह की सतर्कता एडवाइजरी जारी की है।
ये भी पढ़े: FIFA World Cup 2026 ग्रुप H स्क्वॉड: सभी टीमों के खिलाड़ियों की पूरी सूची

