BhopalBhopal
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Bhopal : दुष्यंत संग्रहालय में ‘कायस्थम मध्य प्रदेश’ संस्था द्वारा एक गरिमामयी ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90% से अधिक अंक अर्जित करने वाले 50 मेधावी चित्रांश छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त श्री मनोज श्रीवास्तव थे, जबकि अध्यक्षता प्रख्यात पत्रकार व विचारक श्री महेश श्रीवास्तव ने की। दोनों अतिथियों ने सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि यहाँ बच्चों का स्वागत पारंपरिक बुके के बजाय ‘कलम’ भेंट करके किया गया।

Bhopal परिणाम नहीं, परफॉर्मेंस और सही प्रोसेस पर दें ध्यान

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मनोज श्रीवास्तव ने छात्रों को जीवन का मूलमंत्र देते हुए कहा कि भविष्य या परिणाम की अत्यधिक चिंता हमारी वर्तमान परफॉर्मेंस को बिगाड़ देती है। जब तक विद्यार्थी सही प्रक्रिया (प्रोसेस) पर ध्यान केंद्रित नहीं करेंगे, तब तक वास्तविक सफलता पाना कठिन है। उन्होंने भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का उदाहरण देते हुए समझाया कि मैदान पर ये खिलाड़ी केवल अपने खेल की तकनीक और प्रक्रिया पर ध्यान देते हैं, न कि इस बात पर कि उनका शतक बनेगा या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर समय बर्बाद करने की आदत पर चिंता जताते हुए बच्चों को भगवान श्री चित्रगुप्त जी से प्रेरणा लेने और देश का जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

Bhopal भारतीय संस्कृति, धर्म और माता-पिता के प्रति समर्पण जरूरी

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार श्री महेश श्रीवास्तव ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि बच्चों की इस कामयाबी के पीछे उनके माता-पिता का कड़ा परिश्रम और त्याग छुपा होता है। माता-पिता की निस्वार्थ सेवा ही छात्र जीवन को सार्थक बनाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और पारिवारिक परंपराओं को कभी न भूलें। जीवन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए नियत और उद्देश्य दोनों का सही होना अनिवार्य है, क्योंकि ईमानदारी से की गई मेहनत का फल हमेशा सुखद होता है।

Bhopal मेधावियों को मिली विशेष प्रोत्साहन राशि और संस्था का सेवा संकल्प

‘कायस्थम’ संस्था के अध्यक्ष श्री प्रलय श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था का यह पहला आयोजन था, जिसे भविष्य में और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आगामी सामाजिक योजनाओं जैसे बुक बैंक, निर्धन कन्याओं का विवाह, करियर काउंसलिंग और स्वास्थ्य शिविरों की रूपरेखा साझा की। समारोह में समाज के वरिष्ठ जनों द्वारा अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 9 विद्यार्थियों को विशेष नगद प्रोत्साहन राशि दी गई, जिनमें दिया सक्सेना, आराध्या खरे, अदिति श्रीवास्तव, आकाँश सक्सेना और अनिका सक्सेना जैसे होनहार छात्र शामिल रहे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भोपाल के अलावा इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा सहित प्रदेश के कई शहरों से आए अभिभावक और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। अंत में कोषाध्यक्ष श्री मुकुल अस्थाना ने सभी का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़े: Horoscope: 31 May 2026, रविवार का दिन किस राशि के लिए रहेगा शुभ? जानें सभी 12 राशियों का भविष्यफल