रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो गुटों के बीच बीच सड़क पर हिंसक झड़प हो गई। यह पूरी वारदात वहां लगे कैमरों और राहगीरों के मोबाइल में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Raipur रिंग रोड पर अचानक भड़की हिंसा
यह पूरी घटना रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिंग रोड नंबर 01 स्थित कुशालपुर इलाके की है। मंगलवार को वहां उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ अज्ञात युवकों और बाइक सवारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद एक भयानक गैंगवार में बदल गया और दोनों पक्षों ने सड़क के बीचों-बीच गाड़ियां रोककर एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
Raipur हथियारों के प्रदर्शन से राहगीरों में दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गुटों के युवक पूरी तैयारी के साथ आए थे। विवाद बढ़ते ही उन्होंने खुलेआम चाकू, फरसे और लाठी-डंडे निकाल लिए और एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करना शुरू कर दिया। व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हुए इस खूनी संघर्ष को देखकर वहां से गुजरने वाले राहगीरों में डर का माहौल बन गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी, सभी आरोपी अपनी गाड़ियां लेकर वहां से नौ दो ग्यारह हो गए।
Raipur पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। हालांकि, अभी तक इस हिंसक झड़प की मुख्य वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और वायरल वीडियो व आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी उपद्रवियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
ये भी पढ़े: Indus Waters Treaty: पाकिस्तान ने भारत से की समझौते को बहाल रखने की मांग

