रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Gorakhpur : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ सरयू नदी में नहाने गए तीन बच्चे गहरे पानी में समा गए। इस हादसे में एक सगे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की तत्परता से एक बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
Gorakhpur ननिहाल आए भाई-बहन बने हादसे का शिकार
यह दर्दनाक वाकया गोरखपुर के गोला क्षेत्र के मेहड़ा गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार, विनीता नामक महिला करीब एक हफ्ते पहले अपने बच्चों के साथ मायके (मेहड़ा गांव) आई थी। रविवार की सुबह उसकी 14 वर्षीय बेटी शिवानी, 10 वर्षीय बेटा प्रिंस और पड़ोस की 15 वर्षीय बच्ची माया सरयू नदी में स्नान करने गए थे। नहाते समय तीनों बच्चे अचानक गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूबने लगे।
Gorakhpur भोजन छोड़ नदी में कूदा जांबाज, एक की बचाई जान
घाट पर मचे शोर को सुनकर गांव के साहसी युवक चंद्रमल यादव अपना खाना बीच में ही छोड़कर तुरंत नदी की तरफ भागे। उन्होंने बिना वक्त गंवाए नदी में छलांग लगा दी। चंद्रमल ने बहादुरी दिखाते हुए पहले माया को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला। इसके बाद वे प्रिंस को भी बाहर ले आए, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शिवानी का शव भी नदी से बरामद किया गया।
पहले भी बचा चुके हैं कई जानें: ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रमल यादव बेहद साहसी हैं और इससे पहले भी नदी में डूब रहे कई लोगों की जान बचा चुके हैं। संकट के समय दिखाई उनकी इस बहादुरी की पूरे गांव में तारीफ हो रही है।
Gorakhpur रिश्तेदारी में गई थी मां, प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा
हादसे के वक्त बच्चों की मां विनीता अपने छोटे बेटे के साथ किसी रिश्तेदारी में गई हुई थी, जबकि पिता ओंकार मजदूरी करते हैं। बच्चों को क्या पता था कि सुबह का यह स्नान उनके जीवन का आखिरी पल बन जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार सत्येंद्र मौर्य ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को ‘राज्य आपदा निधि’ के तहत उचित सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।

