रिपोर्टर: विवेक गुप्ता
Giridih : बजरंग चौक स्थित केंद्रीय माल और सेवा कर (सेंट्रल जीएसटी) कार्यालय में बुधवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। धनबाद से आई सीबीआई की टीम ने रिश्वतखोरी के एक मामले में विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस औचक छापेमारी के बाद से पूरे जीएसटी महकमे में हड़कंप मच गया है। सीबीआई ने यह कार्रवाई बिरनी प्रखंड के रहने वाले राजू अंसारी नामक व्यक्ति की लिखित शिकायत पर की।
Giridih 95 लाख का जीएसटी नोटिस और ‘सेटलमेंट’ का खेल
पूरा मामला साल 2023 से शुरू हुआ, जब शिकायतकर्ता राजू अंसारी को जीएसटी विभाग की तरफ से 95 लाख रुपये का टैक्स चुकाने का नोटिस जारी किया गया था। आरोप है कि इस भारी-भरकम राशि के नोटिस का डर दिखाकर राजू अंसारी के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अनीश कुमार सेठ, जीएसटी सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार ने आपसी साठगांठ की। मामले को रफा-दफा करने और टैक्स सेटलमेंट के एवज में अधिकारियों द्वारा शुरुआत में 90 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जो बाद में सौदेबाजी के बाद 65 हजार रुपये पर तय हुई।
Giridih सीबीआई का जाल और केमिकल लगे नोटों से खुली पोल
रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर राजू अंसारी ने धनबाद जाकर सीबीआई के एसपी भंवर लाल मीणा से इस भ्रष्टाचार की शिकायत की। सीबीआई की योजना के अनुसार, बुधवार को राजू अंसारी 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर बजरंग चौक स्थित जीएसटी कार्यालय पहुंचे। पकड़े जाने के डर से अधिकारियों ने खुद सीधे पैसे न लेकर, एक बिचौलिए के माध्यम से रकम सुपरिटेंडेंट के घर भिजवा दी। हालांकि, सीबीआई ने पहले ही नोटों पर एक विशेष केमिकल लगा रखा था, जिससे अधिकारियों का बचना नामुमकिन हो गया।
Giridih कार्यालय में 13 घंटे चली पूछताछ, केमिकल टेस्ट के बाद हुई गिरफ्तारी
जैसे ही घूस की रकम स्वीकार होने का पुख्ता संकेत मिला, सीबीआई इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में टीम ने सुबह लगभग 11 बजे जीएसटी दफ्तर में धावा बोल दिया। सीबीआई की टीम ने दोनों आरोपी अधिकारियों को हिरासत में लेकर करीब 13 घंटे तक सघन पूछताछ की। इसके बाद, नोटों को छूने के कारण हुए केमिकल टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर भ्रष्टाचार की पुष्टि हो गई। सीबीआई ने पुख्ता सबूतों के आधार पर सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़े: Jamshedpur: “द सैफायर” प्रोजेक्ट पर कानूनी संकट, अनूप रंजन ने निवेशकों और बैंकों को किया सावधान

