Sanjay Sarawgi: भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, विपक्ष पर किया तीखा प्रहार
बिहार भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शनिवार को रोहतास जिले के सासाराम पहुंचे। शहर के रौजा रोड स्थित बाल विकास मैदान में उनके सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल, पूर्व विधायक राजेश्वर राज, एमएलसी निवेदिता सिंह, एमएलसी संतोष सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, पूर्व विधायक ललन पासवान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Sanjay Sarawgi: कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन के माध्यम से बड़े पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि भाजपा में पद नहीं, बल्कि परिश्रम और निष्ठा का महत्व होता है। सरावगी ने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सभी ने अपनी राजनीति की शुरुआत सामान्य कार्यकर्ता के रूप में की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद की कोई जगह नहीं है और यही इसकी सबसे बड़ी पहचान है।
राष्ट्रवाद और विकास को बताया भाजपा की नीति
अपने संबोधन में सरावगी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जाति और संप्रदाय की राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में काम करते हैं। उन्होंने धारा 370 को हटाने जैसे फैसलों को पार्टी की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार राष्ट्र प्रथम और विकास है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम और नकारात्मक राजनीति करता है।
विपक्ष पर जमकर साधा निशाना
प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार की राजनीति अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता से घिरी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि उस दौर में अपराधी और घोटालेबाज लोग सत्ता में थे और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस करती थी। सरावगी ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आकर प्रदेश को विकास की राह पर लाने का काम किया है।
खाली कुर्सियों ने खड़े किए सवाल
हालांकि कार्यक्रम के दौरान एक ओर जहां मंच से संगठन की मजबूती और जनसमर्थन की बातें की जा रही थीं, वहीं मैदान में बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली नजर आईं। यह दृश्य स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। कई लोग इसे जिला स्तर पर संगठन की कमजोरी और पिछले विधानसभा चुनाव में रोहतास जिले से भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलने से जोड़कर देख रहे हैं। भीड़ की कमी ने कार्यक्रम की भव्यता पर सवाल खड़े कर दिए और सियासी चर्चाओं को और तेज कर दिया।
Also Read This: Chhapra: युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों ने की गिरफ्तारी की मांग

