श्योपुर जिले में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। छारबाग, कसाई मोहल्ला और किला गेट समेत कई इलाकों में पानी गलियों से होते हुए सीधे लोगों के घरों में घुस गया है, जिससे स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने विकट हो चुके हैं कि कई बस्तियों में बाढ़ जैसे दृश्य नजर आने लगे हैं।
इस गंभीर स्थिति को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और पानी के स्तर तथा जमीनी हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। लगातार बरस रहे बादलों ने शहरवासियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं और लोगों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
एसडीएम गगन मीणा ने स्थिति का जायजा लेते हुए बताया कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों पर नजर रखे हुए है और पानी की निकासी के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं।
