Report by Avinash Srivastwa
Sasaram : मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में गहराते युद्ध और वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत की मजबूत स्थिति को लेकर बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की है। सासाराम स्थित परिसदन (सर्किट हाउस) में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया विकट परिस्थितियों से जूझ रही है, तब भारत में स्थितियां पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
वैश्विक संकट और तेल की कीमतों पर नियंत्रण
Sasaram सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में आए उछाल और उससे उत्पन्न ‘त्राहिमाम’ की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई विकसित देश इस समय ऊर्जा संकट और महंगाई से त्रस्त हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी फैसलों के कारण भारत में तेल के दामों पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘नेतृत्व कौशल’ को श्रेय देते हुए कहा कि पहले भी कई बार देश ने कठिन समय देखा है, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपनी विश्वसनीयता और कूटनीति से देश की अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रखा है।
अंतरराष्ट्रीय संबंध और कूटनीतिक जीत
Sasaram पत्रकारों से बातचीत में सभापति ने इस बात पर जोर दिया कि भारत ने दुनिया के लगभग तमाम शक्तिशाली देशों के साथ बेहतर और संतुलित संबंध स्थापित किए हैं। इसी का परिणाम है कि विश्व व्यापी संकट के दौर में भी वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री की साख कायम है। उन्होंने कहा कि भारत आज न केवल अपनी जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक निर्णायक शक्ति के रूप में भी उभरा है।
पक्ष-विपक्ष की एकजुटता और ऐतिहासिक उदाहरण
Sasaram देश के आंतरिक राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए अवधेश नारायण सिंह ने अपील की कि ऐसे संकटपूर्ण समय में पक्ष और विपक्ष, दोनों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में मजबूती से साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दौर को याद करते हुए एक महत्वपूर्ण उदाहरण दिया। उन्होंने कहा:
“उस दौर में भी जब देश के सामने संकट था, तब अटल बिहारी वाजपेयी जैसे दिग्गज नेता विपक्ष में रहते हुए भी सरकार के साथ मजबूती से खड़े थे। आज भी उसी राजनीतिक शुचिता और एकता की आवश्यकता है।”
Also Read This: Gwalior: KRG कॉलेज की ऐतिहासिक बावड़ी का कायाकल्प, जल संरक्षण के लिए ‘वाटर वुमन’ और NSS ने मिलाया हाथ

