
श्रीनगर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों के परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान पीड़ित परिवारों का दुख देखकर गृह मंत्री भावुक हो गए और उन्होंने उन्हें सांत्वना दी। शाह ने बच्चों के सिर पर हाथ फेरा और बुजुर्गों को ढांढस बंधाया, साथ ही सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले में अपनों को खोने वालों का दर्द अमित शाह के सामने फूट पड़ा। पीड़ित परिवारों को देखकर गृह मंत्री भी भावुक हो गए और उन्हें सांत्वना देने की कोशिश करते रहे। वीडियो में देखा जा सकता है कि शाह पीड़ितों की बातें खामोशी से सुन रहे हैं। इस दौरान उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद थे।
हमले में 28 पर्यटकों की मौत, एनआईए को सौंपी गई जांच
पहलगाम में हुए इस कायराना हमले में 28 पर्यटकों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। केंद्र सरकार ने इस हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी है।
इससे पहले अमित शाह ने पहलगाम से करीब पांच किलोमीटर दूर बैसरन का दौरा किया, जहां मंगलवार को आतंकियों ने 28 लोगों की जान ली थी।
पहलगाम में आतंकी हमला
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम हिल स्टेशन पर मंगलवार को आतंकियों ने हमला किया था। इस हमले में दो विदेशी नागरिकों समेत 28 पर्यटकों की मौत हो गई और 20 अन्य पर्यटक और स्थानीय लोग घायल हो गए। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इस हमले की दुनियाभर के नेताओं ने निंदा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पर नजर बनाए हुए हैं।
देर रात तक चली हाई लेवल मीटिंग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ मंगलवार रात करीब 8:20 बजे श्रीनगर पहुंचे। उपराज्यपाल, डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उन्हें आतंकी हमले की जानकारी दी। इसके बाद, गृह मंत्री ने राजभवन में उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक देर रात तक चली। सुबह होते ही, शाह श्रीनगर के अस्पताल में घायल पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मिलने पहुंचे।
अमित शाह ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है और सरकार इस हमले के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
