KashmirKashmir
Spread the love

रिपोर्टर: अरमान कुरैशी

Kashmir : पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई जम्मू-कश्मीर में अपनी आतंकी कार्यप्रणाली में बदलाव लाने की कोशिश कर रही है। लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के प्रॉक्सी गुटों के संबंध उजागर होने के बाद अब लंबे समय से निष्क्रिय पड़े 19 आतंकी संगठनों को दोबारा सक्रिय करने की योजना बनाई जा रही है। रिपोर्टों के अनुसार, आईएसआई इन संगठनों के पूर्व गुर्गों को एकजुट करने में जुटी है।

पहचान छिपाने और ऑनलाइन दुष्प्रचार की नई चाल

Kashmir खुफिया और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इन निष्क्रिय संगठनों का उपयोग केवल जमीनी वारदातों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक प्रचार और प्रोपेगेंडा फैलाने में भी इनका सहारा लिया जा सकता है। अलग-अलग नामों से बयान और संदेश जारी कर आतंकी गुट अपनी असली पहचान छुपाने की कोशिश कर सकते हैं। अधिकारियों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर बने पुराने संगठनों को आगे रखने का उद्देश्य किसी हमले की स्थिति में पाकिस्तानी आतंकी संगठनों की सीधी संलिप्तता को छिपाना है, ताकि जांच एजेंसियों के लिए कड़ियां जोड़ना कठिन हो सके।

प्रॉक्सी गुटों की पोल खुली, 90 के दशक के संगठनों पर नजर

Kashmir जांच एजेंसियों की पड़ताल में यह स्पष्ट हो चुका है कि लश्कर और जैश लंबे समय से छद्म नामों के सहारे घाटी में सक्रिय रहे हैं। इनमें द रेजिस्टेंस फ्रंट, पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट, कश्मीर टाइगर्स और लश्कर-ए-मुस्तफा जैसे नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं, जिनके खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस और एनआईए ने ठोस साक्ष्य जुटाए हैं।

प्रॉक्सी नेटवर्क पर दबाव बढ़ने के बाद आईएसआई अब 1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में बने उन छोटे गुटों की ओर रुख कर रही है, जो फंड की कमी या सुरक्षा बलों की कार्रवाई के चलते निष्क्रिय हो गए थे। कश्मीर जेहाद फोर्स और तहरीक-ए-जिहाद जैसे नामों के पुराने सदस्यों से संपर्क साधने की कोशिशें तेज होने की बात कही जा रही है।

स्थानीय नेटवर्क साधने की कोशिश, लतीफ भट की मौत से अड़चन

Kashmir खुफिया ब्यूरो के सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि घाटी में जहां करीब 10 आतंकी संगठन फिलहाल सक्रिय हैं, वहीं 19 गुट निष्क्रिय श्रेणी में आते हैं। आईएसआई पुराने सदस्यों के अनुभव और स्थानीय संपर्कों का लाभ उठाकर नए युवाओं की भर्ती कराने तथा घुसपैठ बढ़ाने की फिराक में है। हालांकि, लश्कर कमांडर लतीफ भट के मारे जाने से आईएसआई की इस योजना को बड़ा झटका लगा है, जिससे उसकी गतिविधियों में देरी की संभावना है। इसके बावजूद सुरक्षा बलों के लिए अब जमीनी चुनौतियों के साथ-साथ डिजिटल प्रोपेगेंडा पर कड़ी निगरानी रखना बेहद अहम हो गया है।

ये भी पढ़े: मुरैना के दाऊजी मंदिर में महिला चोरों का आतंक, पूर्णिमा मेले में दो श्रद्धालुओं के मंगलसूत्र चोरी; एक आरोपी को भीड़ ने पकड़ा