रिपोर्टर: संदीप राजावत
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले के विरोध में प्रदर्शन करना ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को महंगा पड़ गया। शहर के व्यस्ततम महाराज बाड़ा क्षेत्र में बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के धरना-प्रदर्शन करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अनिकेत शिवहरे सहित पार्टी के 15 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में इस राजनैतिक दल के खिलाफ दर्ज होने वाला यह पहला आपराधिक प्रकरण है।

Gwalior अनुमति निरस्त होने और धारा 163 लागू होने के बाद भी अड़े रहे कार्यकर्ता
यह पूरा घटनाक्रम सोमवार का है, जब अनिकेत शिवहरे के नेतृत्व में करीब 10 से 15 कार्यकर्ता महाराज बाड़ा पहुंचे और सड़क पर ही बैठकर नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान जब मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों से आधिकारिक अनुमति पत्र मांगा, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट किया कि एसडीएम (SDM) द्वारा इस प्रदर्शन की अनुमति पहले ही निरस्त की जा चुकी है और क्षेत्र में धारा 163 (शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु निषेधाज्ञा) प्रभावी है। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त करने से साफ इनकार कर दिया।
Gwalior शासकीय आदेश की अवहेलना का मामला दर्ज, जांच शुरू
प्रशासनिक आदेशों की सरेआम अनदेखी करने पर कोतवाली पुलिस ने कड़ा कदम उठाया। पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गाढ़वे की गोठ निवासी अनिकेत शिवहरे और उनके अन्य सहयोगियों सहित कुल 15 लोगों के खिलाफ शासकीय आदेश के उल्लंघन की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में इस नवगठित दल के खिलाफ यह पहली कानूनी कार्रवाई है। फिलहाल पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर प्रदर्शन में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
Gwalior क्या कहना है पुलिस प्रशासन का?
इस कार्रवाई को लेकर ग्वालियर के सीएसपी (CSP) मनीष यादव ने स्पष्ट तौर पर कहा:
“शहर की कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब प्रशासन द्वारा प्रदर्शन की अनुमति निरस्त कर दी गई थी, तो उसके बाद भी सड़क जाम कर धरना देना नियमों का सीधा उल्लंघन था। इसी वजह से कानून के दायरे में रहकर नियमानुसार एफआईआर दर्ज की गई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
ये भी पढ़े: Gwalior: ग्वालियर में पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत, युवक ने पेड़ से लटककर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

