FirozabadFirozabad
Spread the love

Report by: Ishu Kumar

Firozabad : उत्तर प्रदेश के फिरोज़ाबाद जिले में खाकी का इकबाल एक बार फिर बुलंद हुआ है। थाना उत्तर पुलिस ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए एक मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश करने वाले दरिंदे को महज 6 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया। पुलिस और अपराधी के बीच हुई इस मुठभेड़ ने साफ कर दिया है कि जिले में मासूमों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।

फल का लालच देकर मासूम को फंसाने की साजिश

Firozabad यह शर्मनाक घटना फिरोज़ाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र की है, जहाँ मोहम्मद फरमान नाम के एक युवक ने अपने साथी अलीशान के साथ मिलकर एक मासूम बच्ची को अपना निशाना बनाने की कोशिश की। आरोपी ने मासूम को फल खिलाने का झांसा दिया और उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान कमरे की ओर ले जाने लगा। गनीमत रही कि समय रहते परिजनों को इसकी भनक लग गई और अनहोनी टल गई। परिजनों की तहरीर मिलते ही एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

एसएसपी के निर्देश और 6 घंटे में ‘हाफ एनकाउंटर’

Firozabad अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बच्चू बाबा सरस्वती मंदिर के पास प्रकाश नगर इलाके की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी फरमान ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो सीधे आरोपी के पैर में लगी। महज 6 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को पस्त कर उसे दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अवैध हथियार बरामद और फरार साथी की तलाश

Firozabad मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी फरमान के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे जनपद में सराहना हो रही है। हालांकि, घटना में शामिल दूसरा आरोपी अलीशान अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी और फरार आरोपी को भी जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Also Read This: Bhopal: भीम नगर की झुग्गियों में भीषण आग का तांडव, विधायक ने पहुंचकर बंधाया ढांढस