Spread the love

भोपाल: भोपाल में हिंदू छात्राओं से दोस्ती कर उनका यौन शोषण और ब्लैकमेल करने के मामले का मुख्य आरोपी फरहान खान पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, फरहान ने शौचालय जाने का बहाना बनाकर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। घायल फरहान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनाक्रम:
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात को फरहान को अपराध से जुड़े स्थानों की पहचान के लिए सीहोर जिले के बिलकिसगंज ले जाया जा रहा था। रास्ते में रातीबड़ के आगे ग्राम सरवर के पास फरहान ने पेशाब करने की इच्छा जताई। जब एसआई विजय भामरे उसे पेशाब कराने के लिए ले गए, तभी फरहान ने उनकी सर्विस रिवाल्वर छीनकर भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई छीनाझपटी में गोली फरहान के दाहिने पैर में लग गई।

अशोका गार्डन थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने पुष्टि की कि फरहान को शुक्रवार को रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में उसने फरार आरोपी अबरार के बारे में जानकारी दी थी कि वे पहले बिलकिसगंज के एक कमरे में अक्सर जाते थे। इसी जानकारी की पुष्टि के लिए पुलिस टीम उसे बिलकिसगंज ले जा रही थी।

डीसीपी जोन-1, भोपाल, प्रियंका शुक्ला ने बताया कि आरोपी फरहान पुलिस रिमांड पर था और रिवाल्वर छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी गोली चली।

फरार आरोपी और अन्य गिरफ्तारियां:
इस मामले में टीआईटी कॉलेज से जुड़े गिरोह के पांच अन्य साथियों, जिनमें साहिल भी शामिल है, को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य आरोपी, अबरार, अभी भी फरार है, लेकिन पुलिस का कहना है कि उसकी लोकेशन मिल गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में तीन थानों में पांच एफआईआर दर्ज हैं।

आरोपियों का अड्डा और क्लब पर कार्रवाई:
जांच में पता चला है कि दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग में शामिल आरोपी युवक टीआईटी कॉलेज की छात्राओं को कॉलेज के पास स्थित एक क्लब-रेस्टोरेंट पर ले जाते थे। इस क्लब में कई कमरे मिले हैं, जहां पीड़िताओं के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाए गए थे। पुलिस ने आरोपी फरहान को मौके पर ले जाकर क्राइम सीन का रिक्रिएशन करवाया था। पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि क्लब की जांच की जा रही है और यदि संचालक की कोई संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और पुलिस की सिफारिश पर प्रशासन द्वारा क्लब को तोड़ा भी जा सकता है।

डांस स्टूडियो की आड़ में देह व्यापार:
जांच में यह भी सामने आया है कि अशोका गार्डन क्षेत्र में डांस स्टूडियो चलाने वाला साहिल खान दरअसल इसकी आड़ में देह व्यापार चला रहा था। पुलिस को दिए बयान में साहिल और फरहान के झांसे में आई कई पीड़िताओं ने इस बात की जानकारी दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, साहिल पिछले करीब दो साल से डांस क्लास चला रहा था और वहां आने वाली युवतियों को रुपयों का लालच देकर या ब्लैकमेल कर देह व्यापार में धकेलता था। वह शहर के आसपास फार्म हाउस में होने वाली पार्टियों में भी इन युवतियों को भेजता था।

आरोपी डांस स्टूडियो में आने वाली हिंदू युवतियों की दोस्ती अपने दूसरे साथियों से करवाते थे और उनकी कोशिश होती थी कि वहां पहुंचने वाली हर लड़की उनके जाल में फंस जाए। एक बार जब वे किसी लड़की को फंसा लेते थे, तो वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर देते थे।

पुलिस अब पीड़िताओं के इस सनसनीखेज दावे के बाद आरोपी साहिल को दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, ताकि देह व्यापार के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।