SagarSagar
Spread the love

रिपोर्टर: संतोष सागर

Sagar : मध्य प्रदेश पर्यटन का मशहूर नारा ‘एमपी अजब है, सबसे गजब है’ इन दिनों सागर जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बिल्कुल सटीक बैठ रहा है। जिस जिले के सरकारी अस्पतालों में गंभीर मरीजों का इलाज करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है, वहां प्रशासन ने शराब खरीदने वालों की सेहत जांचने के लिए दुकानों के बाहर सरकारी डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी है। जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद डैमेज कंट्रोल के नाम पर उठाए गए इस कदम ने प्रशासन की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विवाद बढ़ने पर प्रशासन का यू-टर्न और बीना का नजारा

Sagar सागर के बंडा क्षेत्र में सितंबर 2026 में जहरीली शराब पीने से 20 से अधिक लोगों की जान गई थी और हाल ही में 20 नवंबर को भी दो मौतों का दावा किया गया। इसके बाद अवैध शराब माफिया पर कड़ी कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन ने अनोखा रास्ता अपनाया। पहले बुजुर्ग और बीमार लोगों को शराब न बेचने का आदेश चर्चा में आया, जिस पर आलोचना होने के बाद प्रशासन ने सोशल मीडिया पर इसे भ्रामक बताकर पल्ला झाड़ लिया।

हालांकि, इसके ठीक बाद बीना में शराब दुकान के बाहर स्वास्थ्य शिविर लगाकर खरीदारों के ब्लड सैंपल, लिवर, किडनी और दिल की जांच शुरू कर दी गई। मौके पर मौजूद डॉक्टर और आबकारी अधिकारियों ने इसे वरिष्ठ अधिकारियों का निर्देश बताया, लेकिन विवाद गहराने पर कलेक्टर कार्यालय से सफाई दी गई कि यह अनिवार्य जांच नहीं बल्कि सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता अभियान है।

अस्पतालों में हजारों पद खाली, पर शराबियों की सेहत की फिक्र

Sagar सरकारी आंकड़े और जमीनी हकीकत प्रशासन के इस अभियान को कटघरे में खड़ा करते हैं। प्रदेश भर में विशेषज्ञ डॉक्टरों के करीब 3,948 पद रिक्त हैं। अकेले सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञों और सर्जन के 55 पद खाली पड़े हैं, जबकि जिला अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ और सर्जन तक उपलब्ध नहीं हैं। अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बंडा और सागर में शराब दुकानों पर पहुंचे 50 से अधिक लोगों की सेहत जांचने के लिए डॉक्टर तैनात कर दिए गए।

चिकित्सा जगत ने जताई नाराजगी, बताया प्राथमिकताओं का भटकाव

Sagar प्रशासन के इस फैसले पर चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डॉ. सर्वेश जैन ने व्यंग्य करते हुए कहा कि इससे बेहतर तो हर सरकारी अस्पताल में ही शराब का काउंटर खोल देना चाहिए, ताकि लोग वहीं से शराब खरीदें और वहीं जांच भी करवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों की कमी के बीच उन्हें शराब दुकानों पर बैठाना अनुचित है; नशामुक्ति के लिए काउंसलिंग और अवैध शराब रोकने के लिए आबकारी विभाग में विशेष टास्क फोर्स का गठन होना चाहिए।

यह स्थिति कुछ वैसी ही है जैसे भोपाल में त्योहारों पर लिए गए मिठाई के सैंपल की रिपोर्ट महीनों लंबित रहती है, लेकिन खाद्य विभाग शादियों में छापेमारी कर खानापूर्ति करता नजर आता है। जरूरत इस बात की है कि प्रशासन दिखावटी अभियानों के बजाय स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने और जहरीली शराब के कारोबार की जड़ पर प्रहार करे।

ये भी पढ़े: आंवला और खजूर का हलवा सर्दियों में क्यों है फायदेमंद? जानें सेहत को मिलने वाले लाभ