CCTV Footage Viral:राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक चोर मंदिर में चोरी करने से पहले भगवान के सामने हाथ जोड़कर प्रणाम करता है और उसके बाद डेढ़ किलोग्राम चांदी का छत्र और सिंहासन चुराकर फरार हो जाता है। यह पूरी घटना रूपनगढ़ रोड पर स्थित मुनि सुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर की है, जो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दर्शन के बहाने मंदिर में घुसा था शातिर चोर
CCTV Footage Viral:यह घटना दिन के करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की सफारी गाड़ी से मंदिर पहुंचा था। मंदिर के भीतर प्रवेश करने के बाद उसने पहले भगवान के आगे हाथ जोड़े और प्रणाम किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
इसके बाद मौका पाकर वह मूलनायक मुनिसुव्रतनाथ भगवान की मूर्ति के नीचे रखी चौकी से चांदी का छत्र और सिंहासन चुरा ले गया। मूर्ति को हटाकर उसने सिंहासन को अपने कपड़ों में छिपा लिया और आसानी से मंदिर से बाहर निकल गया।
ऐसे हुआ चोरी का खुलासा
CCTV Footage Viral:इस वारदात का पता तब चला जब कुछ श्रद्धालु शाम को नियमित दर्शन और पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने देखा कि भगवान के नीचे का सिंहासन और छत्र गायब हैं।
इसके तुरंत बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर के न्यासी (ट्रस्टी) को इसकी सूचना दी। जब मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें चोरी की यह पूरी करतूत साफ-साफ नजर आई, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए।
पुलिस जांच और सीसीटीवी के आधार पर तलाश जारी
CCTV Footage Viral:घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी धर्मराज चौधरी और मदनगंज थाना प्रभारी भवानी सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने और तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले मई महीने में भीलवाड़ा के एक जैन मंदिर से भी भगवान के गहनों की बड़ी चोरी का मामला सामने आ चुका है, जिसकी तस्वीरें भी कैमरे में कैद हुई थीं। पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

