Kanpur Central Station:उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी में एक महिला पटरी पर गिर पड़ी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हालांकि, मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की तत्परता और सूझबूझ से महिला की जान बचा ली गई। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर कैसे हुआ हादसा?
Kanpur Central Station:आरपीएफ के अनुसार, घायल महिला की पहचान बिहार के शिवहर जिले के माधोपुर छता निवासी कलावती देवी (पत्नी कमल राय) के रूप में हुई है। वह अपनी बेटी सुकून कुमारी के साथ कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर मौजूद थीं।
बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12566) ने जैसे ही रफ्तार पकड़नी शुरू की, मां-बेटी ने जल्दबाजी में उसमें चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान कलावती देवी का पैर फिसल गया और वह सीधे प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेन के बीच जा गिरीं। इस अचानक हुए हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई।
RPF जवानों ने दिखाई तत्परता, चेन पुलिंग कर रुकवाई ट्रेन
Kanpur Central Station:महिला को पटरी पर गिरते देख ड्यूटी पर तैनात RPF उप निरीक्षक हेमराज मीणा और अनिल कुमार गौतम तुरंत मौके पर दौड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने यात्रियों की मदद से तुरंत चेन पुलिंग करवाकर ट्रेन को रुकवाया।
इस बीच महिला की बेटी भी चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी, जिसे सतर्क जवानों ने समय रहते रोक लिया। हालांकि, इस दौरान बेटी को मामूली चोटें आईं, जबकि कलावती देवी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें लग गईं।
अस्पताल में इलाज और रेलवे की अपील
Kanpur Central Station:घटना के बाद RPF जवानों ने घायल महिला को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इस बचाव कार्य के चलते बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस कुछ देर तक स्टेशन पर ही रुकी रही।
यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि जरा सी जल्दबाजी किस तरह जिंदगी को खतरे में डाल सकती है। रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील करता है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।

