Historysheeter Vijay Bajia murder:जयपुर के करधनी थाना इलाके के जगदंबा नगर में बुधवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुछ बदमाशों ने लाठी-डंडों, सरियों और कुल्हाड़ी से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों ने महज पांच मिनट के भीतर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
कैंपर गाड़ी से फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर
Historysheeter Vijay Bajia murder:पुलिस के अनुसार, मृतक विजय बाजिया बुधवार रात करीब 8 बजे अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी से जोबनेर से जयपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान, करधनी के जगदंबा नगर में एक कैंपर गाड़ी में सवार 4 से 6 बदमाशों ने उसकी गाड़ी का पीछा किया और उसे घेर लिया।
बदमाशों ने अपनी कैंपर गाड़ी से विजय की फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी, जिससे उसे मजबूरन रुकना पड़ा। बचने के लिए विजय ने अपनी गाड़ी को कॉलोनियों की गलियों में भी दौड़ाया, लेकिन हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
महज 5 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
Historysheeter Vijay Bajia murder:जैसे ही विजय बाजिया अपनी गाड़ी से बाहर निकलकर भागने की कोशिश करने लगा, घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी, डंडों, सरियों और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए।
बताया जा रहा है कि पूरी वारदात को महज पांच मिनट के भीतर अंजाम दिया गया। हमला करने के बाद सभी बदमाश अपनी कैंपर गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने इस खौफनाक घटना का वीडियो भी बना लिया।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
Historysheeter Vijay Bajia murder:DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण ने जानकारी दी है कि प्रारंभिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने मामले को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। विरोधी पक्ष के बदमाश काफी समय से विजय बाजिया की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और मौके की तलाश में थे।
पुलिस की कार्रवाई और नाकेबंदी
Historysheeter Vijay Bajia murder:हत्या की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नज़दीकी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
बदमाशों की धरपकड़ के लिए जयपुर कमिश्नरेट की ओर से पूरे इलाके में कड़ी नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

